धार में ‘हीट वेव’ से निपटने का फुलप्रूफ प्लान
धार | प्रदेश में पारा चढ़ते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। सीएमएचओ डॉ. अनीता सिंगारे ने जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को गर्मी से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए हैं। अब जिले के सभी अस्पतालों में लू (Heat Stroke) के मरीजों के लिए अलग से 5 बेड आरक्षित रहेंगे, जहाँ उन्हें तुरंत कूलिंग और इमरजेंसी इलाज मिल सकेगा।
अस्पतालों में बदला सिस्टम: सुबह 9 से पहले या शाम 4 के बाद ही मिलेगी छुट्टी
मरीजों को लू के थपेड़ों से बचाने के लिए डिस्चार्ज के समय में बदलाव किया गया है। अब भर्ती मरीजों को तेज धूप के दौरान दोपहर में डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। छुट्टी या तो सुबह 9 बजे से पहले होगी या फिर शाम 4 बजे के बाद, ताकि घर जाते समय उन्हें हीट वेव का सामना न करना पड़े।
‘Cool First, then Transport’: एम्बुलेंस में भी ठंडी व्यवस्था
रेफरल के दौरान मरीज की हालत न बिगड़े, इसके लिए ‘पहले ठंडा करो, फिर ले जाओ’ (Cool First, then Transport) की नीति अपनाई गई है। 108 एम्बुलेंस में भी खास इंतजाम रहेंगे:
-
जरूरी सामान: आइस पैक, कोल्ड वाटर, टॉवल, आइस क्यूब और IV फ्लूइड।
-
दवाएं: ओआरएस पैकेट और एंटी-डायरिया ड्रग्स की उपलब्धता।
-
कोऑर्डिनेशन: कम्युनिटी हेल्थ सेंटर से जिला अस्पताल रेफर करने से पहले अग्रिम सूचना देना अनिवार्य होगा।
खास: ‘ओआरएस कॉर्नर’ और फायर ऑडिट
ओआरएस कॉर्नर: हर अस्पताल में ओपीडी के पास ही ओआरएस काउंटर होगा ताकि मरीज तुरंत रिहाइड्रेट हो सकें।
फायर सेफ्टी: गर्मी में आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सभी अस्पतालों का ‘फायर सेफ्टी ऑडिट’ पूरा कर लिया गया है और स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई है।
हेल्थ हॉटस्पॉट पर जागरूकता की कमान
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और घनी आबादी वाले इलाकों को ‘हॉटस्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। यहाँ ऑडियो-वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ट्रेनिंग दी गई है।
सलाह: लू से बचना है तो ये करें और इनसे बचें
| क्या करें (Do’s) | क्या न करें (Don’ts) |
| हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। | शराब और नशीले पदार्थों का सेवन न करें। |
| धूप में चश्मा, छाता, टोपी और जूते का प्रयोग करें। | हाई प्रोटीन डाइट (ज्यादा भारी खाना) से बचें। |
| नींबू पानी, छाछ, लस्सी और आम पना ज्यादा पिएं। | कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक (कोल्ड ड्रिंक) न पिएं। |
| यात्रा के दौरान पानी की बोतल हमेशा साथ रखें। | तेज धूप में भारी शारीरिक काम करने से बचें। |
सावधानी: अगर चक्कर आए, उल्टी हो या तेज बुखार महसूस हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचें।

