भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में राज्य सरकार द्वारा एक भव्य ‘सरस्वती लोक’ का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही, यहाँ ‘राजा भोज शोध संस्थान’ की स्थापना भी की जाएगी।
मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा भोजपाल द्वारा स्थापित यह भोजशाला सदियों तक ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान और संस्कृत भाषा का सबसे प्रखर केंद्र रही है, जहाँ देश-विदेश से विद्वान शास्त्रों पर विमर्श करने आते थे। सरकार इस गौरवशाली अतीत को पुनर्जीवित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
भोजशाला आंदोलन के शहीदों के परिवारों को 5-5 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने भोजशाला आंदोलन में अपनी शहादत देने वाले तीन अमर शहीदों—स्व. श्री बनसिंह, स्व. श्री अंतरसिंह एवं स्व. श्री लक्ष्मण सिंह के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। राज्य सरकार की ओर से इन तीनों शहीदों के निकटतम परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
सरकार की अन्य बड़ी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में प्रदेश के विकास, किसानों और युवाओं से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण फैसलों और आंकड़ों को भी साझा किया:
-
पीएम मोदी के सफल 12 वर्ष: मुख्यमंत्री ने 26 मई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और उनके ‘GYAN’ (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति) मंत्र की सराहना की।
-
समान नागरिक संहिता (UCC): प्रदेश में यूसीसी को लेकर गठित उच्च स्तरीय समिति काम कर रही है। आम जनता, स्वयंसेवी संगठन और राजनीतिक दल 15 जून 2026 तक वेबसाइट के माध्यम से अपने सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
-
ग्लोबल स्किल पार्क से विदेशों में रोजगार: ‘संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क’ के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नौकरियां मिल रही हैं। हाल ही में संस्थान के 3 छात्रों का चयन हंगरी में हुआ है, वहीं अप्रैल-मई 2026 में 236 बच्चों का प्लेसमेंट हुआ है।
-
दुग्ध उत्पादकों को ₹1609 करोड़ का भुगतान: वर्ष 2025-26 में दुग्ध उत्पादकों को रिकॉर्ड ₹1609 करोड़ का भुगतान किया गया (जो पिछले साल से 15% अधिक है)। दूध के खरीद मूल्य में भी ₹2.50 से ₹8.50 प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है।
-
गेहूं उपार्जन में नया रिकॉर्ड: विषम परिस्थितियों के बाद भी एमपी में 104.36 लाख मीट्रिक टन गेहूं की रिकॉर्ड खरीदी की गई। ₹2585 समर्थन मूल्य के साथ ₹40 का अतिरिक्त बोनस देकर कुल ₹2625 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया। इस साल देश में सर्वाधिक 13.42 लाख किसानों ने गेहूं बेचा, जिसमें पंजाब के बाद एमपी दूसरे नंबर पर है। किसानों को अब तक ₹25,096.99 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।
-
जल गंगा संवर्धन अभियान: 19 मार्च से 30 जून 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत ₹6,330 करोड़ की लागत से 2 लाख से अधिक जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार व निर्माण हुआ है, जिसमें 57 हजार से अधिक खेत तालाब और 126 ‘अमृत सरोवर’ शामिल हैं।
-
मंगोलिया पहुंचे भगवान बुद्ध के शिष्यों के अवशेष: पीएम मोदी की पहल पर सांची स्तूप से भगवान बुद्ध के परम शिष्यों (श्री अरिहंत, श्री सारिपुत्र और श्री महामोद्ल्यायन) के पवित्र अवशेष प्रदर्शनी के लिए मंगोलिया की राजधानी उलानबातर भेजे गए हैं। इससे सांची में वैश्विक पर्यटन बढ़ेगा।
-
राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन: व्यापारियों के कल्याण, अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुगम बनाने और प्रदेश के निर्यात को गति देने के लिए राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है।
गेहूं उपार्जन के शानदार रिकॉर्ड के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

