सजग ग्रामीणों और पुलिस टीम ने की घेराबंदी, स्विफ्ट कार और 200 लीटर ऑइल बरामद
धार। अंधेरी रात का फायदा उठाकर बिजली के ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला चोर गिरोह के मंसूबों पर कानवन पुलिस और ग्रामीणों की मुस्तैदी ने पानी फेर दिया। ग्राम मुरड़का में ट्रांसफार्मर की बुशिंग तोड़कर ऑइल चोरी कर रहे तीन शातिर बदमाशों को मौके पर ही धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार और करीब 200 लीटर ट्रांसफार्मर ऑइल बरामद किया है।
घटना 18 अगस्त मंगलवार की दरमियानी रात करीब 02:30 बजे की है। ग्राम मुरड़का स्थित ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की कोशिश के दौरान सजग ग्रामीणों और कानवन पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। फरियादी लाइनमैन बलवंत सिंह परमार (निवासी मुरड़का) की शिकायत पर थाना कानवन में अपराध क्रमांक 266/2026 धारा 303(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया गया। बदनावर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बारिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रतलाम जिले के निवासी के रूप में हुई है:
- जितेंद्र मकवाना (29 वर्ष): निवासी ग्राम गोंदिया, थाना बिलपांक, जिला रतलाम
- सोनू भाटी (22 वर्ष): निवासी एवरिया, थाना बिलपांक, जिला रतलाम
- कृष्णा भाटी (24 वर्ष): निवासी इंद्रलोक नगर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला रतलाम
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार बारिया, उप निरीक्षक सोहनसिंह कायत, प्रधान आरक्षक रामेंद्रसिंह तथा आरक्षक भगवती, नवीन और अजयपाल की उल्लेखनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद क्षेत्र में पूर्व में हुई ट्रांसफार्मर ऑइल चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य साथियों और चोरी का माल खरीदने वालों के नेटवर्क तक पहुँचने में मदद मिलेगी।
