बुजुर्ग से 1 किलो चांदी झपटकर भागे बदमाश
धार | बाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगर घाटी मोड़ पर शुक्रवार रात बदमाशों ने आतंक मचाते हुए एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया। दो बाइकों पर सवार होकर आए 4 नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग की घेराबंदी की और हथियारों के दम पर करीब 50 हजार रुपए की चांदी लूटकर रफूचक्कर हो गए।
रिंगनोद से गिरवी चांदी छुड़ाकर लौट रहा था बुजुर्ग
ग्राम ढीलवानी (स्कूलपुरा) निवासी भंगु (60) पिता जामसिंह भील शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से रिंगनोद से घर लौट रहे थे। उन्होंने एक सुनार के पास 1 किलो पुरानी चांदी की दो तागली (गले का आभूषण) गिरवी रखी थी, जिसे वे छुड़ाकर थैली में लेकर आ रहे थे।
बाइक आगे अड़ाई और गले पर लगा दिया फालिया
जैसे ही भंगु आगर घाटी मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 4 अज्ञात बदमाश आए। बदमाशों ने बुजुर्ग की चलती बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी, जिससे उन्हें अचानक रुकना पड़ा। इससे पहले कि बुजुर्ग कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने उनके गले पर फालिया (धारदार हथियार) अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर चांदी से भरी थैली छीन ली।
पुलिस ने शुरू की नाकाबंदी
घटना के बाद घबराए बुजुर्ग ने थाना बाग पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भागने में सफल रहे।
-
लूट की सामग्री: 1 किलो पुरानी चांदी (दो तागली)
-
अनुमानित कीमत: करीब ₹50,000
-
पुलिस की कार्रवाई: धारा 309(4) BNS (लूट) के तहत केस दर्ज।
जांच जारी है: “फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगर घाटी और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” – थाना बाग पुलिस
