धार। घर के बाहर खड़ी महंगी बाइकों पर नजर गड़ाए चोरों के मंसूबों पर धार पुलिस ने पानी फेर दिया है। करीब एक महीने पहले रहस्यमय तरीके से गायब हुई 3 लाख रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड बुलेट को कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पड़ोसी जिले राजगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
मामले के अनुसार, 30 अगस्त को धार के नरसिंह मार्ग निवासी जयराज (पिता कन्हैयालाल देवड़ा) के घर के सामने से अज्ञात चोर उनकी बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-11-ZA-7444) चुरा ले गया था। फरियादी द्वारा 28 सितंबर को थाना कोतवाली धार में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने तत्काल धारा 303(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत अपराध क्रमांक 582/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर गठित कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी सुरागों और मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर दबिश दी। पुलिस ने ग्राम बमौरीसुता (जिला राजगढ़) निवासी 19 वर्षीय मोहित (पिता हुकुम सिंह धनगर) को घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बुलेट बरामद कर जब्त कर ली गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक आकाश सिंह, प्रधान आरक्षक अरविन्द चौहान, आरक्षक राममूर्ति, आरक्षक प्रशांत सिंह चौहान और साइबर सेल टीम की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि आरोपी किसी अंतरजिला वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य दोपहिया वाहन चोरियों के खुलासे और चोरी के वाहनों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
