रफ्तार का कहर और फिर खूनी संघर्ष
धार। गाँव में बाइक की रफ्तार को लेकर टोकना एक बड़े खूनी संघर्ष में बदल गया। मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम जाटपुर में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक सवार युवकों ने टोकने पर ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि बारात में आए आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कुर्सियों, लाठियों और ईंटों से हमला बोल दिया। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि बचाव करने आए अन्य लोगों को भी थप्पड़-मुक्कों का सामना करना पड़ा।
पल्सर पर तीन सवार, गाँव की गलियों में ‘स्टंट’
घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पल्सर मोटरसाइकिल (MP 10 ZJ 7742) पर सवार तीन युवक गाँव की गलियों में बेहद तेज गति से बाइक दौड़ा रहे थे। फरियादी देवेंद्र पिता घनश्याम पाटीदार (40) और उनके साथियों ने दो-तीन बार उन्हें रुकने और गाड़ी धीरे चलाने का इशारा किया, लेकिन युवक अनसुना कर रफ्तार बढ़ाते रहे।
समझाने गए तो दी गालियां, फिर बारात से बुला ली ‘सेना’
जब तीसरी बार देवेंद्र ने उन्हें रोककर समझाने की कोशिश की, तो बाइक सवारों का पारा चढ़ गया। उन्होंने माँ-बहन की अभद्र गालियां देते हुए चुनौती दी— “दम है तो तुम भी चलाकर दिखाओ।” विवाद होते देख पास ही एक बारात में मौजूद चेतन पिता कैलाश मानकर, गणपत, लल्लू और उनके 5-7 अन्य साथी ईंट, पत्थर और कुर्सियां लेकर मौके पर पहुँच गए।
ईंट-पत्थर चले, सिर फूटे; दी गाँव फूंकने की धमकी
हमलावरों ने देवेंद्र और उनके साथियों को घेर लिया। हमले में:
-
देवेंद्र पाटीदार: दाहिने पैर, बाएं हाथ और गर्दन पर चोट आई।
-
प्रवीण पाटीदार: सिर के सामने के हिस्से में ईंट लगने से लहूलुहान हो गए।
-
अश्विन पाटीदार: सिर और गर्दन के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं।
बीच-बचाव करने आए विनोद, दिनेश और ओमप्रकाश के साथ भी मारपीट की गई। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी दे गए। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा— “हमें गाड़ी चलाने से रोका तो पूरे गाँव को आग लगा देंगे और तुम्हें जान से मार देंगे।”
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
मनावर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चेतन, गणपत, लल्लू सहित 5-7 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गाँव में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

