इंदौर। इंदौर पुलिस ने शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक बहुत बड़ा ‘क्रैकडाउन’ किया है। पुलिस ने आजाद नगर थाना क्षेत्र में चल रहे संदिग्ध काले कारनामों पर शिकंजा कसते हुए तीन नामचीन होटलों को सील कर दिया है। इन होटलों में कथित रूप से देह व्यापार और अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। डीसीपी नरेंद्र रावत के कड़े निर्देशन में हुई इस अचानक छापेमारी से इलाके के होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक, आजाद नगर थाना क्षेत्र के जिन तीन होटलों पर ताला जड़ा गया है, उनमें होटल गोल्डन, होटल नमन और होटल बल्मेश्वरी है।
क्या था मामला
पुलिस को लंबे समय से इन होटलों में संदिग्ध गतिविधियों और जिस्मफ्रोशी के धंधे की इनपुट मिल रही थी। जब पुलिस की स्पेशल टीम ने अचानक यहां दबिश दी, तो होटल संचालकों के होश उड़ गए। जांच में सामने आया कि नियमों को ताक पर रखकर यहां न तो मुसाफिरों का सही रिकॉर्ड रखा जा रहा था और न ही पुलिस वेरिफिकेशन के जरूरी नियमों का पालन हो रहा था।
आरोपियों को भेजा गया जेल, एफएसएल ने जब्त की डीवीआर
पुलिस ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है। नए कानून बीएनएस की धारा 223 के तहत मामला दर्ज कर तीनों होटलों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों को सीधा जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने होटलों से सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर और कई अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं, ताकि अंदर चल रहे खेल का पूरा सच सामने आ सके।
क्या बोले जिम्मेदार
डीसीपी नरेंद्र रावत ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हमें इन तीन होटलों में अवैध गतिविधियों और प्रॉस्टिट्यूशन (देह व्यापार) की शिकायतें मिली थीं। पुलिस कमिश्नर के आदेश (धारा 163) के तहत होटलों को अपने यहां आने वालों का वेरिफिकेशन थाने में देना अनिवार्य है, जिसका उल्लंघन किया जा रहा था। फिलहाल सबूत जुटाने के लिए होटलों को 4-5 दिनों के लिए बंद (सील) किया गया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जा रही है।

15 दिनों का महाअभियान: 143 होटल और 67 ढाबों पर रेड
इंदौर पुलिस पिछले 15 दिनों से पूरे जोन में एक विशेष क्लीनिंग अभियान चला रही है। इस ताबड़तोड़ चेकिंग के दौरान पुलिस ने जो बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें पुलिस टीम ने अब तक कुल 143 होटलों की बारीकी से जांच की, जिसमें से नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 37 होटलों पर बीएनएस (BNS 223) के तहत कानूनी केस दर्ज किया गया है। हाइवे और शहर के आस-पास के कुल 67 ढाबों को खंगाला गया, जिनमें से अवैध शराब परोसने और अन्य गड़बड़ियों में संलिप्त 8 ढाबों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ा एक्शन लिया गया।
नियमों के दायरे में रहकर व्यापार करे
डीसीपी रावत ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग होटल या ढाबे का बिजनेस कर रहे हैं, वो नियमों के दायरे में रहकर अच्छे से अपना काम करें। अगर कहीं भी अवैध शराब, लड़ाई-झगड़ा या देह व्यापार जैसी गतिविधियां पाई गईं, तो इंदौर पुलिस इसी तरह का ‘स्ट्रिक्ट एक्शन’ जारी रखेगी।
website : jansamacharmp.com
Follow this link to join my WhatsApp group: https://chat.whatsapp.com/
