सागौर पुलिस की बड़ी कामयाबी
धार। जिले के सागौर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र (पिता लक्ष्मण परमार), निवासी सागौर को 19 जून को सागौर क्षेत्र के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क से हिरासत में लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जहाँ से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला 5 जून 2026 को सामने आया था, जब फरियादी ने सागौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 14 वर्ष 11 माह की नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के बयानों और मामले की जांच के आधार पर पुलिस ने पाया कि इस अपराध में सागौर निवासी जितेन्द्र संलिप्त था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2), 124(4) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4, 5(एल), 6 की बढ़ोतरी की गई।

सराहनीय टीम वर्क और पुरस्कार की घोषणा
इस संवेदनशील मामले को सुलझाने के लिए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस सफल कार्रवाई में सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे, सउनि. धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, आरक्षक प्रदीप यादव और सायबर शाखा धार के आरक्षक प्रशांत की मुख्य भूमिका रही। टीम के इस उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य के लिए उन्हें उचित पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है।
