Headlines

धार में स्वच्छ पेयजल पर प्रशासन सख्त : कलेक्टर ने कहा– आमजन को शुद्ध पानी देना सर्वोच्च प्राथमिकता

विधायक नीना वर्मा ने दी लापरवाही न बरतने की हिदायत

धार। आमजन के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी सबसे बुनियादी जरूरत यानी पेयजल की शुद्धता को लेकर धार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विभिन्न माध्यमों से मिल रही पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अब मैदानी स्तर पर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

धार नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता और शुद्धता से संबंधित शिकायतों को लेकर कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विधायक नीना वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुंवर विश्वनाथ सिंह सहित संबंधित विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि पानी से जुड़ी शिकायतों पर प्रतिदिन एक्शन लिया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक में विधायक नीना वर्मा ने संवेदनशीलता पर जोर देते हुए कहा कि पेयजल सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन इलाकों से लगातार शिकायतें आ रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित जांच हो। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि फील्ड स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक और कलेक्टर व विधायक के कड़े रुख के बाद अब धार नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में सभी जल प्रदाय टंकियों की नियमित साफ-सफाई और अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जाकर औचक निरीक्षण करने से दूषित पानी की समस्या से निजात मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन निरंतर प्रयासों से आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *