90 हजार का मशरूका और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त, एक आरोपी अब भी फरार
धार। क्षेत्र के किसानों के खेतों से सिंचाई की मोटर और कॉपर केबल चुराने वाले एक शातिर गिरोह का मनावर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि इनका एक साथी फिलहाल फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोटर पंप, केबल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित करीब 90 हजार रुपये का माल (मशरूका) बरामद किया है।
तीन वारदातों से सहमे थे किसान
ग्राम बालीपुर और भादरपुरा के खेतों में लगातार चोरी की वारदातें हो रही थीं। चोरों ने 20 फरवरी, 28 मई और 12 जून 2026 की रात को खेतों में घुसकर सिंचाई पंप और कॉपर केबल पार कर दिए थे। किसानों की शिकायत पर मनावर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026, 384/2026 और 441/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामले दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचे गए चोर
लगातार हो रही चोरियों को देखते हुए उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में मनावर थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वरसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, तो सुराग हाथ लगा। पुलिस ने ग्राम बालीपुर में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरियों की वारदातें कबूल कर लीं।
पुलिस ने कन्नू उर्फ कन्हैया (22 वर्ष) पिता रघु भाबर, पवन (21 वर्ष) पिता स्व. बिलाम डावर को गिरफ्तार किया है। जबकि कालू पिता सातिया मानकर अभी फरार है। पुलिस इसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 90 हजार रुपए की कुल अनुमानित कीमत का सामान जब्त किया है। जिसमें 05 पानी के मोटर पंप, 100 फीट कॉपर केबल और 25 फीट सामान्य वायर, वारदात में इस्तेमाल बाइक (नंबर: MP-46-AG-2694) है।
इस टीम को मिलेगी शाबाशी
इन चोरी का पर्दाफाश करने में मनावर थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वरसिंह चौहान, उपनिरीक्षक मनीष चौधरी, प्रधान आरक्षक भारतसिंह (795), प्रधान आरक्षक बिसनसिंह मुजाल्दा (840) और आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह (899) की मुख्य भूमिका रही। इसके साथ ही सायबर टीम धार के प्रधान आरक्षक सर्वेशसिंह सोलंकी (71) और आरक्षक प्रशांत चौहान ने तकनीकी मदद देकर इस सफलता में सराहनीय योगदान दिया।
