Headlines

पानीपुरी के पैसे देने को लेकर दोस्त ने पेट में चाकू घोंपा

20-30 के बिल पर जिगरी यारों में खूनी झड़प, 1 आईसीयू में जूझ रहा

इंदौर। खाने की टेबल पर हंसी-मजाक कर रहे जिगरी दोस्त अगले ही पल एक-दूसरे की जान के प्यासे हो जाएंगे, इसका अंदाजा सुखलिया की गलियों में किसी को नहीं था। पानीपुरी का स्वाद अभी जुबान से उतरा भी नहीं था कि बिल के मामूली पैसों को लेकर ऐसा बवाल कटा जिसने दोस्ती के रिश्तों को खून से लाल कर दिया। हवस और अंधी सनक में अंधे हुए सोकेस ने बिना कुछ सोचे-समझे जेब से चमचमाता चाकू निकाला और अपने ही साथी वीरेंद्र की नाभि के पास घोंप दिया।

साईं पैलेस कॉलोनी का सोकेस, सौरभ खटीक, वीरेंद्र और अर्जुन एक साथ पानीपुरी खाने पहुंचे थे। जैसे ही आखिरी कटोरी खाली हुई, पैसों के भुगतान को लेकर सोकेस और वीरेंद्र आमने-सामने आ गए। गालियों से शुरू हुआ विवाद पलभर में खूनी जंग में तब्दील हो गया। जब तक कोई संभाल पाता, सोकेस ने धारदार चाकू से वीरेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। साथी अर्जुन ने बीच-बचाव की कोशिश की तो कातिलाना वार उस पर भी हुआ।

चाकू का वार इतना गहरा था कि वीरेंद्र लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पेट की गंभीर चोटों के चलते उसे आईसीयू में वेंटिलेटर/ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है। वहीं घायल अर्जुन को मरहम-पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई।

सलाखों के पीछे आरोपी

वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपियों को लगा कि वे पुलिस की पहुंच से दूर निकल जाएंगे। लेकिन हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल की टीम ने रात में ही घेराबंदी की और दबिश देकर मुख्य आरोपी सोकेस उर्फ शोकेस और उसके साथी सौरभ को धर दबोचा। पुलिस अब दोनों पर जानलेवा हमले की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर सलाखों के पीछे सड़ाने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *