Headlines

धार : घोड़ा चौपाटी पर पुरानी रंजिश में चले जमकर लात-घूंसे

दो अलग-अलग मामलों में कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया केस

धार। धार के लालबाग में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते घोड़ा चौपाटी तक पहुँच गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। पुरानी रंजिश और कहासुनी को लेकर हुई इस घटना में दोनों ओर से लात-घूंसे चले और जान से मारने की धमकियाँ दी गईं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली धार पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

यह पूरी घटना मंगलवार, 28 जुलाई मंगलवार की शाम लगभग 6:45 बजे से 7:00 बजे के बीच घटी। पहली घटना लालबाग धार में हुई, जहाँ 35 वर्षीय फरियादी दीपक जायसवाल (निवासी खरगोन, हाल मुकाम औंकार नगर धार) घूमने गए थे। वहाँ पुराने विवाद की रंजिश को लेकर आरोपी अजय यादव उर्फ श्याम दुबेला ने दीपक के साथ गाली-गलौज और हाथ-थप्पड़ से मारपीट की, जिससे उनके सीधे हाथ और बाएं कान के पीछे चोट आई। बीच-बचाव करने आए कुलदीप बौरासी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके चेहरे और बाएं पैर में चोट लगी।

इसके तुरंत बाद विवाद की आंच घोड़ा चौपाटी पर सीएम राइज स्कूल के पास पहुँच गई। यहाँ आरोपी दीपक जायसवाल और कुलदीप बौरासी ने लालबाग में हुए झगड़े की बात को लेकर 43 वर्षीय फरियादी बलराम यादव (निवासी कुम्हार गड्डा धार) और उनके बेटे सोमेश के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

थाना कोतवाली धार पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 296(a), 115(2), 351(2) तथा 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शाम के समय हुई इस झड़प के बाद पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुरानी रंजिश के कारणों की विस्तृत जाँच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *