Headlines

धार में 10 लाख की अफ्रीकन बकरियां चुराने वाला गिरोह पुलिस गिरफ्त में

8 अफ्रीकन बकरियां बरामद, बुजुर्ग दंपत्ति से लूट का मामला भी सुलझा

धार। धार के प्रसिद्ध जिराबाग पैलेस में हुई हाई-प्रोफाइल बकरी चोरी के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। खुद को अफ्रीकन नस्ल की बकरियों की चोरी में माहिर बताने वाले इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराई गई 8 कीमती अफ्रीकन बकरियां बरामद की हैं। इतना ही नहीं, कड़ाई से की गई पूछताछ में इस गिरोह ने क्षेत्र में हुई लूट और चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।

घटना की शुरुआत 31 जुलाई को हुई, जब जिराबाग पैलेस के मैनेजर उमेश मिश्रा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 30-31 जुलाई की दरमियानी रात (रात 1:00 से 3:00 बजे के बीच) अज्ञात बदमाशों ने पैलेस के बकरी फार्म का ताला तोड़कर लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की 16 बकरियां (अफ्रीकन बोर, बोर क्रॉस और बरबरी नस्ल) पार कर दी थीं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 331(4) और 305(ए) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों सालसिंह मकवाने, धनसिंह, सरदू उर्फ सद्दू, राकेश वास्केल और मालसिंह को धर दबोचा। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने 27 जून 2026 की रात बुजुर्ग दंपत्ति नेमीचंद राठौर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर मंगलसूत्र लूटने तथा ग्राम देलमी में सुखराम परमार के घर से बकरा-बकरी चोरी करने का अपराध भी कबूल कर लिया है।

धार कोतवाली, क्राइम ब्रांच, नौगांव, तिरला, टांडा और गंधवानी पुलिस की संयुक्त टीम की इस सफलता से क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ी रोक लगने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों का 2 दिन का रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान शेष 8 बकरियों की बरामदगी के साथ-साथ क्षेत्र में हुई अन्य चोरी और लूट की घटनाओं के संबंध में भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *