84 पेज की ‘अग्रवंश परिचय विवरणिका’ का विमोचन
धार। देशभक्ति के जोश और सावन के उल्लास का ऐसा अनूठा संगम धार में देखने को मिला, जहाँ एक ओर तिरंगा शान से लहराया, तो दूसरी ओर सावन के झूले और लोकगीतों की गूंज सुनाई दी। अग्रवाल समाज धार द्वारा स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज का पावन पर्व एक साथ बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया।
इस विशेष अवसर पर अग्रवाल समाज धार द्वारा आयोजित संयुक्त महोत्सव में समाज के इतिहास को संजोने वाली 84 पृष्ठों की ऐतिहासिक ‘अग्रवंश परिचय विवरणिका’ का गरिमामय विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज अध्यक्ष योगेश अग्रवाल एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा महाराजा अग्रसेन जी के पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सुबह अग्रसेन चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान गाया गया, जिसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाजजनों ने डीआरपी लाइन परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया।

सावन मेला और प्रतियोगिताओं की धूम
महोत्सव को सावन मेले का स्वरूप दिया गया था, जिसमें महिलाओं व बच्चों के लिए बड़े झूले, सेल्फी प्वाइंट और विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। समाज की महिलाओं और बालिकाओं ने आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए हस्तनिर्मित उत्पादों की दुकानें सजाईं। महिला कार्यकारिणी सदस्यों बबिता अग्रवाल, संतोष गुप्ता, शीतल अग्रवाल, दीप्ति अग्रवाल, प्रतिभा गोयल, अर्चना अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल, रीना गोयल और मधु अग्रवाल के संयोजन में कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं हुईं। एंकर गरिमा शर्मा के संचालन में तंबोला, आकर्षक गेम्स और सावन गीतों पर नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सामाजिक एकजुटता और व्यापार को मिलेगी नई दिशा
वरिष्ठ नागरिकों और अध्यक्ष द्वारा विमोचित 84 पेज की ‘अग्रवंश परिचय विवरणिका’ में धार के सभी अग्र परिवारों के आवश्यक विवरण, समाज की लोक कल्याणकारी गतिविधियों और संदेशों का संकलन किया गया है। राजेश अग्रवाल और विनय अग्रवाल के विशेष प्रयासों से प्रकाशित यह विवरणिका आने वाले समय में समाज के आपसी संपर्क, व्यापारिक समन्वय और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। जानकारी मीडिया प्रभारी श्याम मंगल लेबड़ ने दी।
