धार। बेजुबान पशुओं की निस्वार्थ सेवा, उचित देखरेख और संवेदनशील उपचार की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों को धार में विशेष पहचान मिली है। 34वीं बटालियन स्थित प्रकृति वात्सल्य गौशाला की सचिव विजया शर्मा को उनके सेवा कार्यों के लिए सार्वजनिक मंच पर सम्मानित किया गया।
धार के ऐतिहासिक किला मैदान में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य व गरिमामयी समारोह के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना, विधायक नीना विक्रम वर्मा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में विजया शर्मा को गौसेवा और पशु संरक्षण कार्यों के लिए प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
विजया शर्मा लंबे समय से बेसहारा और बेजुबान पशुओं को सुरक्षित आश्रय, बेहतर उपचार और वात्सल्यपूर्ण माहौल देने के लिए सक्रिय रही हैं। इससे पूर्व भी वे जिला एवं राज्य स्तर पर अपने इन्हीं उल्लेखनीय सेवा कार्यों के लिए सम्मानित हो चुकी हैं। उनका यह सम्मान समाज में पशु संरक्षण और सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में प्रेरणास्रोत बनेगा।
