भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में दायित्वों का नया क्रम तय करते हुए राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में अहम बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी ताजा तबादला सूची में राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के प्रमुख चेहरों को मैदानी जिम्मेदारियों से जोड़ते हुए नई पदस्थापनाएं दी गई हैं।
मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल) द्वारा 5 सितंबर शनिवार को प्रशासनिक आधार पर राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों के स्थानांतरण का औपचारिक आदेश जारी किया गया। इस फेरबदल के केंद्र में अखिलेश कुमार जैन (आर आर 2008) रहे, जो अब तक अपर कलेक्टर, जिला गुना तथा सक्षम प्राधिकारी, गेल (इंडिया) लिमिटेड, विजयपुर के दायित्व में थे। आदेश के अनुसार, राज्य शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत, धार के पद पर पदस्थ किया है।
सूची में शामिल अन्य प्रमुख स्थानांतरण:
- नरोत्तम प्रसाद भार्गव (2008) : मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्वालियर विकास प्राधिकरण से CEO, जिला पंचायत, हरदा
- सुरभि तिवारी (2008): उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, म.प्र. भोपाल से CEO, जिला पंचायत, विदिशा
- ओमप्रकाश सनोडिया (2011) : CEO, जिला पंचायत, विदिशा से अपर मेला अधिकारी, सिंहस्थ, उज्जैन
- शैलेन्द्र सिंह (2011) : CEO, जिला पंचायत, सतना से CEO, जिला पंचायत, दतिया
- सपना त्रिपाठी (2012) : अपर कलेक्टर, जिला रीवा से CEO, जिला पंचायत, सतना
अवर सचिव (कार्मिक) वंदना राजपूत के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के तहत सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नए पदों पर भेजा गया है। धार जैसे बड़े और आदिवासी बहुल जिले में अखिलेश कुमार जैन की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर तैनाती से वहां ग्रामीण विकास योजनाओं और पंचायती राज से जुड़े प्रोजेक्ट्स को प्रशासनिक गति मिलना तय माना जा रहा है। वहीं, जिला पंचायतों में नए मुखियाओं की तैनाती और सिंहस्थ उज्जैन के लिए विशेष प्रशासनिक नियुक्तियां आने वाले समय में संबंधित क्षेत्रों के मैदानी क्रियान्वयन पर सीधा प्रभाव डालेंगी।

