Headlines

धारनाथ छबीना : छत्रीपाल तिराहा से धारेश्वर मंदिर तक ‘नो व्हीकल जोन’, जानें शहर का नया ट्रैफिक और पार्किंग प्लान

धार। धार शहर में भगवान श्री धारनाथ की पारंपरिक पालकी (छबीना) यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक उल्लास के साथ निकलने वाले इस विशाल कारवां के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए धार यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक और मार्ग डायवर्जन प्लान लागू किया है।

​जिला यातायात पुलिस थाना धार द्वारा 7 सितंबर सोमवार को आयोजित होने वाले भगवान धारनाथ के छबीना के लिए यह विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। यह शोभायात्रा धारेश्वर मार्ग स्थित मंदिर प्रांगण से शुरू होकर छत्री चौराहा, आनंद चौपाटी, मोहन टॉकीज, उटावद दरवाजा, भाजी बाजार और राजवाड़ा होते हुए लगभग 4.5 किलोमीटर का सफर तय कर पुनः धारेश्वर मंदिर पर ही संपन्न होगी। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर दोपहर से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक वाहनों की आवाजाही में बड़े बदलाव किए गए हैं।

​नो व्हीकल जोन और प्रमुख डायवर्जन

  • ​नो व्हीकल झोन: दोपहर 12:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक छत्रीपाल तिराहा से धारेश्वर मंदिर मार्ग तक पूरी तरह ‘नो व्हीकल जोन’ रहेगा।
  • ​पालकी यात्रा मार्ग पर डायवर्जन: घोड़ा चौपाटी, मोदी पंप के सामने, चंदेल भवन, कश्यप भवन, हटवाड़ा और डाबरी आदि स्थानों से सामान्य वाहनों को पूरी तरह डायवर्ट किया जाएगा।
  • ​पार्किंग प्रतिबंध: पालकी मार्ग पर दोपहर 2:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

​भारी वाहनों के लिए बदले रूट

  • ​इंदौर नाका: शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को इंदौर नाका से श्याम ढाबा/जेतपुरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
  • ​श्याम ढाबा: गुजरी व नालछा की ओर से आने वाले भारी वाहन श्याम ढाबा से इंदौर नाका व जेतपुरा (NH-47) की ओर भेजे जाएंगे।
  • ​रतलाम नाका: रतलाम नाका ब्रिज के पास से भारी वाहनों को मोड़ा जाएगा; गुजरी जाने वाले वाहन जेतपुरा-गौतम स्कूल के पास धरावरा फाटा होकर निकल सकेंगे।
  • ​मतलबपुरा: तिरला कस्बे से आने वाले भारी वाहनों को मतलबपुरा कट पॉइंट से डायवर्ट किया जाएगा, वहीं NH-47 (लबरावदा फाटा) की ओर से आने वाले वाहन मतलबपुरा होते हुए राजनंदिनी/पुराना बायपास मार्ग से मांडव नाका व इंदौर नाका की ओर जा सकेंगे।
  • ​बसें: यात्री बसों और पालकी मार्ग पर चलने वाली स्कूल बसों को मौके की परिस्थितियों के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।

​पालकी में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग

  • ​किला मैदान: इंदौर, रतलाम और मांडव की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए किला मैदान में पार्किंग तय की गई है।
  • ​कृषि उपज मंडी: तिरला और सरदारपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कृषि उपज मंडी परिसर में पार्किंग व्यवस्था रहेगी।

​इस व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था से छबीना यात्रा के दौरान शहर के भीतरी मार्गों पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी और बाहरी जिलों से गुजरने वाले मालवाहकों का आवागमन भी बाईपास के जरिए बिना रुकावट जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से तय पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *