वाहन न रोकने पर गुस्से में की थी तोड़फोड़
धार। रात के अंधेरे में सुनसान बायपास से गुजर रहे वाहनों पर अचानक पत्थरों की बौछार कर दहशत फैलाने की साजिश का धामनोद पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। राहगीरों से लिफ्ट मांगने या वाहन रुकवाने की जिद पूरी न होने पर हिंसक हो उठने वाले दो युवकों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
यह वारदात 27 सितंबर की रात गणेश घाट स्थित नए बायपास रोड पर घटी थी। फरियादी योगेश पाटीदार की शिकायत के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने अचानक वाहनों पर भारी पथराव कर तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। शिकायत मिलते ही धामनोद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 477/2026 और धारा 125 (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश, एएसपी विजय डावर एवं एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से ग्राम कोठिदा, पटेलपुरा खुर्द, पलाशमाल एवं उतावली में लगातार दबिश देकर कोठिदा (पटेलपुरा) निवासी मुकुट पिता कैलाश बुडिकया (25) और मनीष पिता दिनेश बुडिकया (19) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि वे बायपास से गुजरने वाले वाहनों को रोकने का प्रयास करते थे, लेकिन जब चालकों ने गति धीमी नहीं की और वाहन नहीं रोके, तो उन्होंने गुस्से में आकर पत्थरों से तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोषसिंह यादव, सउनि दुर्गाप्रसाद वैष्णव, आरक्षक मनीष राठौर एवं आरक्षक रविन्द्र जमरे की सराहनीय भूमिका रही।
गणेश घाट बायपास क्षेत्र में हुई इस त्वरित कार्रवाई से न केवल रात के समय हाईवे से गुजरने वाले चालकों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हुआ है, बल्कि मार्ग पर उपद्रव मचाने वाले असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जिससे भविष्य में इस व्यस्त मार्ग पर यात्रियों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
