Headlines

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, युवक पर बंदूक से दागी गोली

बिल्दा गांव के पटेलपुरा की घटना, घायल के कूल्हे में लगी गोली, जिला अस्पताल रेफर

धार। जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिल्दा (पटेलपुरा) में गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर विवाद इस कदर बढ़ा कि दो युवकों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने फरियादी पर बंदूक से फायर कर दिया, जिससे गोली उसके कूल्हे में जा लगी। घायल को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी संजय पिता करणसिंह निगम (45) निवासी ग्राम बिल्दा, पटेलपुरा अपने घर के सामने खड़ा था। तभी रात करीब 9:30 बजे गांव के ही मुकेश पिता फुलसिंह चौहान और नैतिक पिता प्रदीप अहरे वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने संजय के साथ विवाद शुरू कर दिया।

बंदूक निकालकर मारी गोली

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने जान से मारने की नियत से संजय पर बंदूक तान दी और फायर कर दिया। गोली सीधे संजय के दाहिनी तरफ कूल्हे पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गंधवानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी मुकेश और नैतिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (समान आशय) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

“पुरानी रंजिश की बात को लेकर आरोपियों ने फरियादी पर फायर किया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, विवेचना और उनकी तलाश जारी है।” — प्रदीप खन्ना, थाना प्रभारी, गंधवानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *