Headlines

पटवारी से बाइक और सरकारी दस्तावेज लूटे, सूने घर और पवन चक्की के केबल पर भी हाथ साफ

धार जिले में बदमाशों का तांडव

धार | जिले में बीते 24 घंटों के भीतर चोरी और लूट की वारदातों ने पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टांडा में जहां तीन बदमाशों ने हथियारों के दम पर एक पटवारी को अपना शिकार बनाया, वहीं बाग और नालछा क्षेत्र में भी चोरी की बड़ी वारदातें सामने आई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वारदात 1: टांडा में पटवारी से लूट, सरकारी दस्तावेज भी ले उड़े

सबसे सनसनीखेज मामला टांडा थाना क्षेत्र का है। बंशी कॉलोनी निवासी पटवारी विशाल डाबी शुक्रवार सुबह शासकीय कार्य से चामझर गए थे। लौटते समय सिंगाचोरी पुलिया के पास बाइक पर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाश उनसे उनकी स्प्लेंडर बाइक (MP-13-ZQ5057) और एक बैग छीन ले गए। बैग में रेलवे व नामांतरण संबंधी महत्वपूर्ण सरकारी कागज, आधार कार्ड, एटीएम और कैश था। लूट की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है।

वारदात 2: धरमपुरी में घर का ताला टूटा, जेवर और नकदी गायब

धरमपुरी के बिलाल मस्जिद पुनर्वास क्षेत्र में रहने वाले युसुफ अंसारी के घर को चोरों ने निशाना बनाया। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह के बीच अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे चांदी के कड़े, चेन, सोने का पैंडल और नकदी समेट ले गए।

वारदात 3: नालछा में दुकान से 70 हजार का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी

नालछा थाना क्षेत्र के ग्राम बगड़ी फाटा में चोरों ने कृष्णा गिरवाल की दुकान को खंगाला। बदमाश दुकान से लैपटॉप, फोटोकॉपी मशीन, सीपीयू, मॉनिटर और लेमिनेशन मशीन सहित करीब 70 हजार रुपए का सामान ले गए। वारदात 23 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है।

दो अन्य बड़ी चोरियां: कहीं बाइक गई तो कहीं पवन चक्की के तार

  • बाग: राजगढ़ से राजपुर जा रहे साहिल सोनी की बाइक बाकी घाट पर चोरी हो गई। साहिल बाइक खड़ी कर लघुशंका के लिए गए थे, तभी कोई उनकी होंडा शाइन (MP-46-ZC-4501) और बैग (जिसमें 4 एटीएम कार्ड थे) लेकर रफूचक्कर हो गया।
  • कानवन: ग्राम जलोदखेता में कोद-कोटेश्वर रोड पर स्थित दो पवन चक्कियों से बदमाशों ने 320 मीटर लंबे केबल वायर चोरी कर लिए। किसान कृष्णपाल की रिपोर्ट पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जिले में बढ़ी इन वारदातों में एक समानता यह है कि बदमाश तकनीकी सामान और वाहनों को निशाना बना रहे हैं। पटवारी से हुई लूट ने प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मचा दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *