Headlines

गुंडागर्दी: धार में पत्रकार पर जानलेवा हमला, पुलिस की ‘सुस्त’ कार्रवाई से भड़के जिले के सभी पत्रकार संगठन

संयुक्त ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एएसपी को सौंपा, आरोपियों पर कठोर धाराएं नहीं लगीं तो जिलेभर में होगा उग्र आंदोलन

धार। शहर के व्यस्ततम पाटीदार चौराहे पर शनिवार शाम ‘दैनिक दोपहर’ के संवाददाता अमरदीप सोलंकी पर हुए जानलेवा हमले ने जिले के पत्रकार जगत को उद्वेलित कर दिया है। भूमाफियाओं और अपराधियों के बेखौफ हौसलों के खिलाफ सोमवार को जिले के तमाम पत्रकार संगठन लामबंद हो गए। धार जिला पत्रकार संघ, युवा पत्रकार संघ, आर्यावर्त पत्रकार संघ, सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब और मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के नाम एडिशनल एसपी विजय डावर को ज्ञापन सौंपा।

चौराहे पर घेरा, फिर बेसबॉल के डंडों से पीटा

ज्ञापन में बताया गया कि 25 अप्रैल की शाम लगभग 5:30 बजे आरोपी लोकेश वाघेला उर्फ दबंग, विजय वर्मा और उनके साथियों ने शराब के नशे में धुत होकर पत्रकार सोलंकी का रास्ता रोका। आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि बेसबॉल के डंडों और लात-घूंसों से उन पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में पत्रकार के घुटने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

बड़ा आरोप: थाने में पुलिस के सामने भी की बदतमीजी

पत्रकारों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी इतने बेखौफ थे कि उन्होंने कोतवाली थाने में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी पत्रकारों से अभद्रता की। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में बेहद मामूली धाराएं दर्ज की हैं, जिसे लेकर भारी आक्रोश है।

पत्रकार संगठनों की प्रमुख मांगें:

  • धाराएं बदलें: सामान्य मारपीट की जगह जानलेवा हमला, आपराधिक षड्यंत्र और सामूहिक हमले की कठोर धाराएं जोड़ी जाएं।
  • हिस्ट्री खंगाले: आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड देख उन पर जिला बदर, रासुका (NSA) या गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो।
  • नेक्सस की जांच: हमले के पीछे सक्रिय ‘भूमाफिया-अपराधी गठजोड़’ का पर्दाफाश किया जाए।
  • सुरक्षा कानून: प्रदेश में जल्द से जल्द ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू किया जाए।

“यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार है। अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलेभर के पत्रकार सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।”संयुक्त बयान, धार जिला पत्रकार संगठन

मौके पर मौजूद रहे

इस दौरान धार के गणमान्य पत्रकारों सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। एएसपी विजय डावर ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *