Headlines

चांदी गिरवी रख लौट रहे दंपत्ति से 2.70 लाख रुपए झपटकर भागे बाइक सवार बदमाश

राजगढ-कुक्षी रोड पर फिल्मी स्टाइल में लूट

धार।​ जिले के सरदारपुर और राजगढ़ क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार दोपहर कुक्षी-राजगढ़ रोड पर वन चौकी के समीप तीन अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश चलती बाइक से एक महिला के हाथ से रुपयों से भरी थैली झपटकर रफूचक्कर हो गए। थैली में ₹2 लाख 70 हजार की बड़ी रकम थी, जो दंपत्ति चांदी गिरवी रखकर लाए थे।

चांदी गिरवी रख जुटाए थे पैसे, घर पहुँचने से पहले ही लुटे

फरियादी पप्पू पिता केलसिंह अनारे, निवासी ग्राम चामझर (टांडा), अपनी पत्नी सेलबाई के साथ राजगढ़ आए थे। यहाँ उन्होंने अपनी चांदी गिरवी रखी और उससे मिले 2,70,000 रुपये एक थैली में भरकर अपनी बाइक से वापस गाँव की ओर निकल पड़े। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि लुटेरे उनका पीछा कर रहे हैं।

वन चौकी के पास घात लगाकर बैठे थे बदमाश

दोपहर करीब 2:30 बजे जब दंपत्ति भीलखेड़ी में वन चौकी के पास पहुँचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने अपनी बाइक दंपत्ति की बाइक के पास सटाई और पीछे बैठी सेलबाई के हाथ से रुपयों वाली थैली छीन ली। इससे पहले कि पप्पू कुछ समझ पाते, बदमाश तेज रफ्तार में रिंगनोद की तरफ भाग निकले।

पुलिस ने शुरू की घेराबंदी, सीसीटीवी खंगाल रही टीम

पप्पू ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन लुटेरों की रफ्तार के आगे वे नाकाम रहे। इसके बाद उन्होंने तुरंत सरदारपुर थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पड़ताल: वारदात के बाद पुलिस की टीमें राजगढ़ और रिंगनोद मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों को पहले से पता था कि दंपत्ति के पास मोटी रकम है और वे राजगढ़ से ही उनका पीछा कर रहे थे।

अपील : पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि बड़ी रकम लेकर चलते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *