Headlines

धार में फूटा पाटीदार समाज का गुस्सा, तिजोरी कांड पर एसपी शर्मा को सौंपा ज्ञापन

मनावर पुलिस और सिंघाना पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सोते रहे परिजन, तिजोरी उखाड़ ले गए चोर, 400 ग्राम सोना, 2.5 किलो चांदी और 3 लाख कैश पार

धार। धार जिले के मनावर क्षेत्र में एक ऐसी दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ग्राम कवठी में अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए पूरी की पूरी तिजोरी ही पार कर दी। इस बड़ी वारदात के बाद अब पाटीदार समाज में भारी उबाल है। मंगलवार को आक्रोशित समाजजनों ने सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी सचिन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। एसपी सचिन शर्मा ने पाटीदार समाज को इस मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

कमरे में सोते रहे हम, पास वाले रूम से साफ हो गया सब…

​पीड़ित दीपक पाटीदार (पिता सोमजी पाटीदार) ने उस खौफनाक रात की दास्तां बयां करते हुए बताया कि ​”20 मई 2026 की रात को हम सब एक कमरे में सो रहे थे। चोरों ने खिड़की तोड़ी और घर में दाखिल हुए। उन्होंने पास वाले कमरे से पूरी तिजोरी उठाई और बाहर ले जाकर उसे तोड़ डाला। हमें भनक तक नहीं लगी, समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने हमारे ऊपर कुछ छिड़का था या क्या…। महिलाओं के गहने—मोहन माला, हार, बाजूबंद, झुमके और चांदी के पुराने बर्तनों समेत 400 ग्राम सोना, ढाई किलो चांदी और 3 लाख रुपए नगद चोर समेट ले गए।” अगली सुबह यानी 21 मई को सिंघाना चौकी पर मामले की रिपोर्ट तो दर्ज कराई गई। लेकिन अभी तक चोरों और चोरी गये सामान का पता नहीं चल पाया है।

​पुलिस की ‘लापरवाही’ पर भड़का समाज: “ये चोरी नहीं, डकैती है!”

​इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पाटीदार समाज संगठन (तहसील मनावर) के अध्यक्ष देवराम पाटीदार और भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष चंचल पाटीदार की अगुवाई में बड़ी संख्या में समाजजन एसपी सचिन शर्मा से मिलने पहुंचे। समाजजनों ने पुलिस प्रशासन पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं:

  • आधी-अधूरी FIR: पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट में वास्तविक चोरी के मुकाबले आधे से भी कम सामान का उल्लेख किया और सिर्फ पंचनामा बनाकर औपचारिकता पूरी कर ली।
  • अधिकारियों की बेरुखी: इतनी बड़ी वारदात (जिसे समाज डकैती बता रहा है) होने के बावजूद न तो मनावर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और न ही एसडीओपी ने घटनास्थल का मुआयना करना मुनासिब समझा।
  • कागजों तक सीमित साहब: देवराम पाटीदार ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मनावर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को रोकने में नाकाम रहे हैं और सिर्फ थाने में बैठकर छोटे कर्मचारियों को निर्देश दे रहे हैं।

​फुटेज सौंपे, फिर भी हाथ खाली, आंदोलन की चेतावनी

​ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने घर के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं, जिसमें चोरों की हरकतें कैद हैं। इसके बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। क्षेत्र में सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि किसानों के खेतों से मोटर चोरी होने की वारदातें भी आम हो चुकी हैं। पाटीदार समाज ने चेतावनी दी है कि “अगर जल्द ही इस चोरी का पर्दाफाश नहीं हुआ, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और सामान बरामद नहीं किया गया, तो पाटीदार समाज सड़कों पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करेगा।”

एसपी शर्मा ने कहा बनेगी SIT

​मामले की गंभीरता और समाज के भारी आक्रोश को देखते हुए धार एसपी सचिन शर्मा ने कमान संभाली है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया जाएगा। एसपी ने भरोसा दिलाया है कि क्षेत्र में हुई चोरियों का जल्द ही पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

​अब देखना यह है कि एसपी के आश्वासन के बाद मनावर पुलिस कितनी तेजी से हरकत में आती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *