पर्यावरण और सेहत के लिए साइकिल को बनाएं जीवन का हिस्सा -ठाकुर
धार में ‘संडे ऑन साइकिल’ का ज़बरदस्त क्रेज़
धार। रविवार की सुबह धार की सड़कों पर एक अलग ही नजारा था। क्या बच्चे, क्या बड़े और क्या बुजुर्ग… हर कोई साइकिल पर सवार था और चेहरे पर फिटनेस की चमक थी। मौका था भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ‘खेलो इंडिया योजना’ के तहत विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित “संडे ऑन साइकिल” फिटनेस रैली का। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट ने पूरे धार शहर को फिटनेस के रंग में सराबोर कर दिया।
एसटीसी धार से शुरू हुई यह 4 किलोमीटर लंबी रैली त्रिमूर्ति चौराहा होते हुए वापस साई सेंटर पहुंची, जिसमें शहर के सैकड़ों नागरिकों ने पसीना बहाया और सेहत का संकल्प लिया।
साइकिल चलाएं, बीमारियां भगाएं
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने धार वासियों को जोश भरते हुए कहा कि पर्यावरण के संरक्षण और खुद को फिट रखने के लिए साइकिल से बेहतर कोई साधन नहीं है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमें अपनी दिनचर्या में साइकिल को जरूर शामिल करना चाहिए।
कलेक्टर और एसपी ने खुद चलाई साइकिल
रैली में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने न सिर्फ हरी झंडी दिखाई, बल्कि खुद भी साइकिल थामकर रैली में शामिल हुए। अफसरों को अपने बीच साइकिल चलाते देख युवाओं का उत्साह दोगुना हो गया। कलेक्टर व एसपी ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि साइकिल चलाने से मोटापा और अन्य बीमारियां दूर रहती हैं, साथ ही प्रदूषण कम होने से प्रकृति भी सुरक्षित रहती है।
जुम्बा और रस्सी कूद पर थिरके कदम
साइकिल रैली के साथ-साथ साई सेंटर जैतपुरा में बच्चों और नागरिकों के लिए स्ट्रेचिंग, रस्सी कूद और धमाकेदार जुम्बा एक्टिविटी का भी आयोजन किया गया। संगीत की धुन पर युवाओं और स्कूली बच्चों ने जमकर वर्कआउट किया। भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से सभी प्रतिभागियों को आकर्षक टी-शर्ट्स और ‘माय भारत’ की युवा अधिकारी दीर्घा राजावत की तरफ से कूल कैप्स (टोपियां) बांटी गईं।
रैली के बाद थके हुए प्रतिभागियों को मोनू रजक और प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा चिल्ड एनर्जी ड्रिंक बांटी गई। गरिमा वर्मा और पूनम मिश्रा ने लोगों को पर्यावरण को बचाने के आसान टिप्स दिए।
स्कूलों और पुलिस बल ने दिखाई एकजुटता
इस महा-अभियान में निजी विद्यालय के आशीष महंत, प्रिंसिपल राजेंद्र कुमार साहू व खेल प्रशिक्षक प्रकाश पटेल के नेतृत्व में), जिला पुलिस बल के महिला-पुरुष आरक्षक, पीएम केंद्रीय विद्यालय, बच्चों सहित भारी संख्या में आम जनता ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में साई सेंटर के केंद्र प्रभारी नरेश कुमार भावसार, ताईक्वांडो प्रशिक्षक ओमप्रकाश माखनिया, तीरंदाजी प्रशिक्षक राजेश तम्बोलिया, सहायक प्रशिक्षक विकास कुमार, मनीष लोधी और साई के होनहार खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा।


