Headlines

धार बस स्टैंड पर वाइन शॉप के पास युवती से छेड़छाड़, बीच-बचाव करने आए परिवार को आरोपियों ने पीटा

परिजनों के विरोध पर आरोपियों ने की मारपीट, मामला दर्ज, क्षेत्र में डर का माहौल

धार। शहर के व्यस्त बस स्टैंड इलाके में स्थित एक शराब दुकान के सामने महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहाँ एक युवती के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसके पूरे परिवार के साथ सरेराह मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

यह पूरी घटना थाना कोतवाली धार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस स्टैंड स्थित वाइन शॉप के पास की है। गुरुवार 25 जून को दोपहर करीब 2:30 से 2:45 बजे के बीच, ब्रह्माकुंडी निवासी राम पिता लालसिंग भोई और नालछा दरवाजा निवासी सुनील पिता रामू गायकवाड़ नाम के दो आरोपियों ने एक युवती को बुरी नीयत से देखते हुए उसके दाहिने कंधे को छुआ और वहाँ से निकले। जब पीड़िता के जीजा ने इस बात पर आपत्ति जताई और आरोपियों को समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देना शुरू कर दिया और उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर जब पीड़िता, उसकी बहनें और माँ बीच-बचाव करने पहुँचीं, तो आरोपियों ने उन तीनों महिलाओं के साथ भी जमकर मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके कारण रात 8:44 बजे पुलिस ने मामला कायम किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 296(ए), 115(2), 3(5) और 7/8 पाक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

युवतियां डरती है रात में अकेले निकलने से 

बस स्टैंड पर स्थित शराब दुकान के पास इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी यहाँ इस प्रकार के वाकये सामने आ चुके हैं। स्थानीय क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस पूरे इलाके में रात के समय महिलाएं और युवतियां अकेले निकलने से कतराती हैं और यहाँ लगातार डर का माहौल बना रहता है। निवासियों के मुताबिक, जब भी कोई युवती अकेले बस स्टैंड स्थित इस शराब दुकान के सामने से गुजरती है, तो वहाँ मौजूद शरारती और नशे में धुत तत्व उन्हें परेशान करते हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने तथा शराब दुकान के आसपास हुड़दंगियों पर लगाम लगाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।

Join my WhatsApp group. https://chat.whatsapp.com/DMxEpy4fe8lCDGLaQhvZFQ

website : jansamacharmp.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *