Headlines

डाक विभाग की महिला कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या, वारदात के बाद बेटी को एटीएम देकर पति फरार

मां का शव खून से लथपथ देख बेटी ने परिजनों और पुलिस को दी सूचना

इंदौर। इंदौर के मनोरमागंज थाना क्षेत्र की डाक कुंज कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी कर्मचारी महिला की उसके ही पति ने कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब मासूम बेटी स्कूल से घर लौटी और उसने मां को खून से लथपथ हालत में पाया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह पूरी वारदात शनिवार को इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र (मनोरमागंज इलाका) स्थित डाक कुंज कॉलोनी में घटित हुई। यहां एमजी रोड डाकघर में डाक सहायक के पद पर तैनात उर्मिला सैनी की उनके पति अखिलेश सैनी ने किसी धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पति ने इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी बेटी के स्कूल जाकर उसे एटीएम कार्ड, उसका पिन नंबर और कुछ पैसे दिए और वहां से फरार हो गया। जब बेटी स्कूल से वापस अपने घर पहुंची, तब उसने अपनी मां का शव देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी।

संयोगितागंज थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। 

एसीपी निधि डंडोतिया के मुताबिक, शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे ही इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल हत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जाना बाकी है। 

पुलिस ने फरार आरोपी पति अखिलेश सैनी की तलाश में कई टीमें गठित कर दी हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *