सायबर सेल और मुखबिरों की मदद से पुलिस को मिली सफलता
धार। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात में, एक जीजा ने पारिवारिक विवाद का बदला लेने के लिए अपनी ही 12 वर्षीय नाबालिग साली को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने मासूम को कुएं में धक्का देकर उसकी जान ले ली और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार राज्यों की सीमाएं बदलता रहा। हालांकि, पुलिस की सक्रियता और तकनीकी साक्ष्यों के बल पर आरोपी अब सलाखों के पीछे है।
मामला धार जिले के थाना बाग का है। यहाँ के ग्राम रिसावला से बीती 12 जुलाई को एक 12 वर्षीय नाबालिग बालिका अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत और सगे जीजा अनिल पर जताए गए संदेह के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। खोजबीन के दौरान बालिका का शव पाडलिया घाटी स्थित वन विभाग के एक कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी।
वारदात की वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अनिल ने फरवरी 2026 में इंस्टाग्राम के जरिए मृतिका की बड़ी बहन से संपर्क किया था और बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के कुछ समय बाद ही उनके बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गया, जिससे बात संबंध विच्छेद (तलाक) तक पहुंच गई। इसी बात से नाराज होकर आरोपी अनिल ने बदला लेने की नीयत से अपनी 12 वर्षीय साली को जंगल के कुएं में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बस के जरिए गुजरात फरार हो गया था। पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सायबर सेल और मुखबिरों की मदद से पुलिस टीम ने पहले गुजरात में दबिश दी। वहां से आरोपी के महाराष्ट्र भागने की सूचना मिलने पर पुलिस ने शाहदा (महाराष्ट्र) में घेराबंदी कर आरोपी अनिल (24 वर्ष, निवासी अलीराजपुर) को धर दबोचा।
सराहनीय भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक हिरुसिंह रावत, उप निरीक्षक प्रमिला जमरे, सहायक उप निरीक्षक कमलेश राठौड़िया, लोकेश रायपुरिया, दशरथ चौहान, प्रधान आरक्षक भावसिंह रावत, सखाराम गोखले, आरक्षक राजसिंह चौहान, मुकेश किराड़, सीताराम डोडवे और सायबर सेल के आरक्षक प्रशांत चौहान की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अनिल पिता शेरसिंह दोहदिया के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी को 16 जुलाई गुरुवार को माननीय न्यायालय कुक्षी के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में विस्तृत विवेचना अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यकतानुसार कानून की अन्य सख्त धाराओं को भी केस में शामिल किया जाएगा ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
