कॉमनवेल्थ ट्रेनिंग कैंप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
धार। धार जिले के खेल जगत के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है। जिले की एक होनहार बेटी अब सात समंदर पार अंतरराष्ट्रीय रिंग में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाजों के साथ दो-दो हाथ करती नजर आएगी। धार की युवा महिला मुक्केबाज कुमारी अंजली सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर एक बड़ी और शानदार उपलब्धि अपने नाम की है।
धार जिले की प्रतिभावान मुक्केबाज कु. अंजली सिंह (57 किलोग्राम वर्ग) का चयन ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ बॉक्सिंग ट्रेनिंग कैंप के लिए हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 10 से 24 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जहां अंजली विभिन्न देशों के शीर्ष मुक्केबाजों के साथ रिंग साझा करेंगी और अभ्यास करेंगी।
इस अंतरराष्ट्रीय शिविर में मिलने वाली ट्रेनिंग से अंजली की तकनीक, खेल की रणनीति और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और अधिक मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रतिनिधित्व को मिलेगा। अंजली की इस ऐतिहासिक सफलता पर धार बॉक्सिंग परिवार ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही, जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी राजेश शाक्य एवं बॉक्सिंग प्रशिक्षक प्रकाश पटेल ने भी अंजली को इस मुकाम पर पहुंचने की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
