Headlines

झूठा दांव : सस्ते थाईलैंड टूर के नाम पर युवती से 47,600 रुपए की ठगी

इंस्टाग्राम पर थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देख झांसे में आई युवती

एयरपोर्ट पहुंची तो टिकट इनवैलिड, युवती के उड़े होश

इंदौर। सस्ते में थाईलैंड घूमने का सपना लेकर एयरपोर्ट पहुंची युवती के उस वक्त होश उड़ गए, जब इंडिगो के काउंटर पर उनका टिकट इनवैलिड (अमान्य) बता दिया गया। ठगों ने सोशल मीडिया पर लुभावने ऑफर का जाल बिछाया था, जिसमें फंसकर पीड़िता ने 47,600 रुपए गंवा दिए। जब सच्चाई सामने आई और संपर्क करने की कोशिश की गई, तो ठगों के नंबर बंद मिले।

घटना इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाली और एक निजी कंपनी में कार्यरत युवती (पूर्वा) 6 जुलाई को इंदौर एयरपोर्ट पहुंची थी। 19 अप्रैल को उनके पास व्हाट्सएप पर थाईलैंड के फुकेट ट्रिप का मैसेज आया था, जो उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘द टूरिंग साइट’ (The Touring Site) नाम से देखे विज्ञापन के बाद अप्लाई किया था। खुद को ‘लव गुप्ता’ बताने वाले ठग ने जब इंडिगो एयरलाइंस के साथ कोलैबोरेशन का झांसा देकर कम दाम में ट्रिप का ऑफर दिया, तो पीड़िता झांसे में आ गईं और अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए।

ठगों ने पीड़िता को इंदौर से दिल्ली और दिल्ली से थाईलैंड की फ्लाइट के फर्जी टिकट और इनवॉइस भी भेजे थे। लेकिन इंदौर एयरपोर्ट पहुंचने पर जब टिकट अमान्य निकला, तब पीड़िता को साइबर फ्रॉड का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील : साइबर पुलिस ने समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दिखने वाले विज्ञापनों और ऑफर्स पर बिना सत्यापन (Verification) के भरोसा न करें। किसी भी यात्रा या फ्लाइट बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइटों का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *