Headlines

धार में ताजिए देखने जा रहे युवकों से पुरानी रंजिश पर मारपीट

कोतवाली थाने में तीन के खिलाफ मामला दर्ज

धार। ताजिए देखने जा रहे युवकों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और अश्लील गाली-गलौज का मामला सामने आया है। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

घटना शुक्रवार, 7 अगस्त की रात लगभग 10:00 बजे की है। डाबरी निवासी 18 वर्षीय कार मेकैनिक जिशान अपने दोस्तों अब्बास और उजैर के साथ मुरादपुरा में ताजिए देखने जा रहे थे। जैसे ही वे जवाहर मार्ग स्थित राठौड़ धर्मशाला के पास पहुंचे, तभी उटावद दरवाजा निवासी अयान, उसका छोटा भाई और एक अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर जिशान के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अयान के भाई और साथी ने जिशान को पकड़ लिया, जबकि अयान ने उसके साथ मारपीट की। इस हमले में जिशान को पेट, चेहरे और पीठ पर अंदरूनी चोटें आई हैं। बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।

घटना के बाद पीड़ित जिशान ने अपने चाचा इमरान के साथ थाना कोतवाली धार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अयान और अन्य दो के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *