धार | तिरला क्षेत्र में बीते कल हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। 16 परिवारों के आंगन सूने होने के बाद अब पुलिस और परिवहन विभाग एक्शन मोड में है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में पूरे जिले में ‘ऑपरेशन क्लीन’ चलाया गया, जिसमें नियम ताक पर रखकर मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों की जमकर खबर ली गई।

जेतपुरा में सघन चेकिंग: बोलेरो पिकअप में बनाए थे अवैध पार्टीशन
धार मुख्यालय के जेतपुरा क्षेत्र में पुलिस ने तब मोर्चा संभाला जब सड़कों पर बोलेरो पिकअप और अन्य लोडिंग गाड़ियाँ क्षमता से अधिक मजदूर भरकर दौड़ती मिलीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि कई वाहन चालकों ने अधिक कमाई के लालच में गाड़ी के अंदर अवैध लोहे के पार्टीशन लगा रखे थे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को ठूंसा जा सके।
- बड़ी कार्रवाई: मौके पर ही दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।
- समझाश: पुलिस ने न केवल कार्रवाई की, बल्कि मजदूरों को उतारकर उन्हें जान के खतरे के प्रति आगाह भी किया।

अब सीधे रद्द होंगे ड्राइविंग लाइसेंस
हादसे के बाद प्रशासन ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। पुलिस और आरटीओ विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब केवल जुर्माना भरकर काम नहीं चलेगा। जो भी चालक मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाते पाया जाएगा, उसका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित (Suspend) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
“तिरला हादसे जैसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पूरे जिले में निरंतर अभियान चलाया जाएगा। आमजन से अपील है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर मालवाहक वाहनों में सफर न करें।” — धार पुलिस प्रशासन
मौके पर मौजूद रहे ये अधिकारी
इस विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव, और थाना प्रभारी यातायात प्रेम सिंह ठाकुर सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान केवल आज के लिए नहीं है, बल्कि अब जिले की सड़कों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
जनसमाचार एमपी अपडेट: अपनों को खोने का दर्द कम नहीं होता, लेकिन नियमों का पालन कर हम भविष्य में ऐसे हादसों को रोक सकते हैं। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें।

