धार सिविल अस्पताल में ‘खूनी’ पार्किंग, अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल

धार। शहर के भोज सिविल अस्पताल में सोमवार दोपहर सवा तीन बजे सनसनी फैल गई। पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में एक युवक ने सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से गार्ड के पेट के दाहिनी (Right) तरफ इतना लंबा और गहरा वार किया कि शरीर का मांस तक बाहर नजर आने लगा। लहुलुहान गार्ड को तुरंत ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
पार्किंग के लिए टोका तो सुलग उठा आरोपी
जानकारी के अनुसार, नौगांव निवासी आरोपी मनीष राठौर अस्पताल पहुंचा था। उसने अपनी बाइक गलत जगह खड़ी की थी। ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने उसे नियम से गाड़ी लगाने को कहा, जिस पर मनीष भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि मनीष ने जेब से चाकू निकाला और गार्ड के पेट में उतार दिया। और चाकू ऊपर की ओर खींच किया लंबा घाव।
सुरक्षा के दावों की खुली पोल
- हथियार के साथ एंट्री: अस्पताल में मरीज और परिजन आते हैं, लेकिन कोई भी चाकू लेकर अंदर कैसे पहुंच गया? क्या गेट पर कोई चेकिंग नहीं होती?
- पुराना रिकॉर्ड: जिस तरह आरोपी चाकू लेकर घूम रहा था, उससे साफ है कि वह आदतन अपराधी है।
- असुरक्षित परिसर: भोज अस्पताल में पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
मौके पर मची चीख-पुकार, पुलिस ने दबोचा
वारदात के बाद अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाई और आरोपी को भागने नहीं दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मनीष को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
डॉक्टरों का कहना: “मरीज की हालत बेहद गंभीर है। पेट के दाहिनी ओर गहरा घाव होने के कारण काफी खून बह चुका है। फिलहाल ऑपरेशन कर उसे बचाने की कोशिश की जा रही है।”
जानलेवा हमले 307 के तहत प्रकरण दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि भोज चिकित्सालय में हुए इस गंभीर मामले को देखते हुए जानलेवा हमले की धारा 307 के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है साथ ही आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
