पत्रकार सुरक्षा निधि बनाने का हुआ निर्णय
धार। शहर की सामाजिक संस्था ‘जय हो’ द्वारा नारद जयंती के पावन अवसर पर स्थानीय होटल में ‘देवर्षि नारद सम्मान-2026’ समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए धार के चार वरिष्ठ पत्रकारों अशोक मित्तल, प्रेमविजय पाटिल, रेणु अग्रवाल और राजेश शर्मा को अतिथियों द्वारा देवर्षि नारद सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी शैलेषानंद गिरी जी महाराज (जूना अखाड़ा, उज्जैन) थे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में हेलो हिन्दुस्तान के प्रधान संपादक प्रवीण शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं संस्था के संस्थापक डॉ. अशोक शास्त्री ने की।
पत्रकारों की मदद के लिए सुरक्षा निधि की पहल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रवीण शर्मा ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता कई चुनौतियों से घिरी है, लेकिन सत्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने वाले पत्रकार को समाज में सदैव सम्मान मिलता है। उन्होंने पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा पर जोर देते हुए धार में एक ‘सुरक्षा निधि’ बनाने की पहल की, जो संकट के समय पत्रकारों की मदद कर सके। उनकी इस पहल का संतों और समाजसेविओं ने खुले दिल से स्वागत किया। स्वामी शैलेषानंद गिरी महाराज ने इस निधि के लिए 1 लाख 51 हजार रुपए, राष्ट्रीय हास्य कवि संदीप शर्मा ने 1 लाख रुपए और समाजसेवी हरीश रघुवंशी ने 5100 रुपए देने की घोषणा की। साथ ही प्रवीण शर्मा ने अपने दिवंगत पिता स्व. मन्नालाल शर्मा की स्मृति में जिले के सर्वश्रेष्ठ रिपोर्टर को प्रतिवर्ष 21 हजार रुपए का पुरस्कार देने का ऐलान भी किया।
सच्चाई को सामने लाना ही पत्रकार का धर्म
महामंडलेश्वर स्वामी शैलेषानंद गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार का स्वभाव खोजी होना चाहिए और समाज के सामने केवल सत्य ही आना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के लिए सुरक्षा कानून बनाने की मांग का समर्थन भी किया। विशिष्ट अतिथि संदीप शर्मा ने पत्रकारिता की साख और विश्वसनीयता को बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो अन्य तीन स्तंभों को संतुलित रखता है।
सालाना आयोजन का संकल्प और आभार
संस्था के संस्थापक डॉ. अशोक शास्त्री और संयोजक धर्मेंद्र जोशी ने बताया कि संस्था अब हर वर्ष नारद जयंती पर पत्रकारों का सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारों को समाज और सरकार के सहयोग की सबसे ज्यादा जरूरत है। कार्यक्रम में भाजपा नेता समंदसिंह पटेल, दीपेंद्र शर्मा, नवीन गर्ग सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। संचालन वरिष्ठ पत्रकार अनिल तिवारी ने किया और आभार सुनील दौराया ने व्यक्त किया। जानकारी संस्था के अजय चौधरी ने दी।

