धार। धार की कोतवाली थाना पुलिस ने बस स्टैंड पर एक 16 वर्षीय किशोर के साथ लाठियों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने न सिर्फ किशोर को सरेराह पीटा, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मिली जानकारी के अनुसार, वाकया मंगलवार (30 जून) रात करीब 10 बजे का है। इस्लामपुरा गांधी कॉलोनी का रहने वाला 16 वर्षीय अबुल पिता फिरोज खान, बस स्टैंड स्थित ‘रजवाड़ी चायवाले’ के सामने चाय पी रहा था। इसी दौरान खटीकवाड़ा निवासी चार आरोपी वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के किशोर को मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे।
लाठियों और बेल्ट से किया हमला
जब पीड़ित अबुल ने गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपी भड़क गए और अचानक हमला बोल दिया। नाना, यश और ऋतिक ने लाठियों (लट्ठ) से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। धर्मेंद्र खटीक ने अपनी बेल्ट निकालकर किशोर को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के बाद चारों आरोपियों ने किशोर को जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकले। इस अचानक हुए हमले में पीड़ित अबुल के सिर, गर्दन, पीठ और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना के तुरंत बाद घायल किशोर कोतवाली थाने पहुंचा और आपबीती सुनाई। रात करीब 11:26 बजे पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुस्तैदी दिखाते हुए मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों नाना, यश खटीक, ऋतिक खटीक और धर्मेंद्र खटीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 296(a), धारा 115(2), धारा 351(2), धारा 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
सार्वजनिक स्थानों और बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाकों में रात के समय इस तरह की गुंडागर्दी कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। धार पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब देखना यह होगा कि इन बेखौफ आरोपियों की गिरफ्तारी कितनी जल्दी होती है ताकि शहर के आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव बना रहे।
