नशामुक्त समाज की ओर धार का बड़ा कदम
धार। ऊर्जावान जुम्बा संगीत की धुनें, देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान वातावरण और सड़कों पर नशामुक्त समाज का संकल्प लेकर दौड़ते हज़ारों कदम रविवार की सुबह धार शहर एक अभूतपूर्व उत्साह और सामाजिक चेतना का साक्षी बना। मौका था धार पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता विशाल मैराथन का, जहाँ खेल, मनोरंजन और देशभक्ति के संगम ने इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया।
यह विशाल मैराथन रविवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत धार पुलिस लाइन से आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से 13 से 60 वर्ष तक की आयु के 3,000 से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों, नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, स्थानीय विधायक नीना वर्मा तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

जुम्बा एवं एरोबिक्स ने धावकों में भरा जोश
प्रतिभागियों के लिए मैराथन को बेहद सुव्यवस्थित बनाया गया था, जहाँ विशेष टी-शर्ट, पेयजल और चिकित्सीय व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। मैराथन से पूर्व ऊर्जावान जुम्बा एवं एरोबिक्स सत्रों ने धावकों में जोश भरा, वहीं पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। बच्चों के लिए विशेष आकर्षण लोकप्रिय कार्टून पात्र ‘मोटू-पतलू’ रहे, जिन्होंने मनोरंजक अंदाज में नशामुक्ति का संदेश दिया।
04 और 08 किलोमीटर की दो श्रेणियों (महिला व पुरुष वर्ग) में आयोजित इस मैराथन के विजेताओं को कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक द्वारा मेडल, प्रशस्ति-पत्र और कुल 32,000 रुपए तक के नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया:
- 08 किमी (पुरुष): प्रथम – सचिन पाल (₹5,000), द्वितीय – राहुल सापले (₹3,500), तृतीय – दिलीप सोलंकी (₹2,500)
- 08 किमी (महिला): प्रथम – वर्षा प्रजापत (₹5,000), द्वितीय – सोनू लता (₹3,500), तृतीय – शिवानी गोयल (₹2,500)
- 04 किमी (पुरुष): प्रथम – अजय सिंह (₹2,500), द्वितीय – सुशील जमरा (₹1,500), तृतीय – मनीष शर्मा (₹1,000)
- 04 किमी (महिला): प्रथम – मुस्कान जाट (₹2,500), द्वितीय – आदित्या शर्मा (₹1,500), तृतीय – वनाधी चौधरी (₹1,000)
इसके अतिरिक्त, आयोजन को सफल बनाने वाली सहयोगी संस्थाओं (जैसे एसबीआई, मोयरा सरिया, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स आदि) को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कारगिल के अमर शहीदों को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों व प्रतिभागियों ने दो मिनट का मौन रखकर देश के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार है और युवाओं को खेलों से जोड़कर ही एक स्वस्थ व सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जैसे अभियान यह दर्शाते हैं कि जब पुलिस, प्रशासन और जनता एक साथ आते हैं, तो सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एक मजबूत नीव रखी जाती है। उम्मीद है कि इस आयोजन से उपजी जन-जागरूकता की यह लहर आने वाले समय में धार जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

