Headlines

धार : जिराबाग पैलेस के गोट फार्म पर चोरों का धावा

10 लाख मूल्य की अफ्रीकन बोर और बरबरी नस्ल की बकरे-बकरियां चोरी

धार। धार के जिराबाग पैलेस परिसर स्थित बकरी फार्म हाउस से अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर उच्च नस्ल (हाईब्रिड) के 16 बकरा-बकरियों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए पशुओं की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में थाना कोतवाली धार में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना 30 और 31 जुलाई की मध्य रात्रि (लगभग रात 01.00 बजे से 03.00 बजे के बीच) की है। जिराबाग पैलेस परिसर स्थित बकरी फार्म (बाड़ा) के मैनेजर उमेश मिश्रा (पिता शिवकरण मिश्रा, उम्र 40 वर्ष) ने बताया कि 30 जुलाई की रात करीब 8 बजे वे फार्म को चेक कर मुख्य गेट पर ताला लगाकर गए थे। 31 जुलाई की सुबह जब वे पहुंचे, तो फार्म के हॉल का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर अफ्रीकन बोर, क्रास बोर और बरबरी प्रजाति के कुल 16 बकरा-बकरी गायब मिले, जिन्हें कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने 31 जुलाई की सुबह 11.45 बजे मौके पर ही देहाती नालसी दर्ज की, जिसके आधार पर थाना कोतवाली धार में अपराध क्रमांक के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कायम किया गया।

पीड़ित के अनुसार, फार्म में लगभग 50 अफ्रीकन बकरा-बकरी बंधे हुए थे। चोरी गए बकरे-बकरियां विशेष हाईब्रिड प्रजाति के थे, जिस कारण उनकी बाजार में कीमत काफी अधिक है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संदिग्धों की पतारसी में जुट गई है ताकि अंतर्राज्यीय या स्थानीय गिरोह का सुराग लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *