धार। जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान पुलिस अभिरक्षा से रफूचक्कर हुआ आरोपी विजय गावड़ आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। अस्पताल परिसर में मौका मिलते ही फरार हुए आरोपी को कोतवाली पुलिस ने त्वरित सजगता दिखाते हुए कुछ ही समय में पुनः गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के अनुसार, थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 423/2026 (धारा 69 बीएनएस) के तहत गिरफ्तार आरोपी विजय पिता बद्रीलाल गावड़ (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम बंजारी (थाना नालछा, जिला धार) शनिवार को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) के लिए जिला चिकित्सालय धार ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागते ही पुलिस ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर दबिश दी और उसे दोबारा अपनी कस्टडी में ले लिया।
मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को जल्द ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
