दोनों ओर से बाल्टी और लाठी-डंडों से मारपीट, कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज
धार। क्या घर के बाहर बहता पानी और मच्छरों की समस्या किसी को इस हद तक उकसा सकती है कि वह अपने ही पड़ोसियों का खून बहाने पर उतारू हो जाए? धार शहर की गुलमोहर कॉलोनी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ कपड़े सुखाने और पानी फैलाने जैसी मामूली–सी बात पर हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पड़ोसियों ने इंसानियत को ताक पर रखते हुए एक-दूसरे पर बाल्टी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें दोनों ही पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
घटना शुक्रवार, 7 अगस्त शुक्रवार को दोपहर लगभग 3:00 बजे से 3:15 बजे के बीच की है। धार के गुलमोहर कॉलोनी में कपड़े धोने के बाद घर के बाहर पानी बहने और मच्छर पनपने को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो गाली-गलौज, बाल्टी और लाठियों से मारपीट में बदल गई। सलमा बी ने अपनी नई पड़ोसिन माहीनुर को घर के बाहर कपड़े धोने से मना किया था, ताकि पानी जमा न हो और मच्छरों का प्रकोप न बढ़े।
बात बढ़ने पर आरोपी माहीनुर ने बाल्टी से सलमा बी पर वार कर दिया, जिसके बाद रेहाना, साबिर, गट्टू और समद खान ने सलमा बी, मजिद खान और फैजान खान के साथ मारपीट की। जवाब में दूसरे पक्ष के गमा मामु, इमरान, अज्जु, गुड्डु और अच्छु ने डंडों से हमला कर माहीनुर और उनकी मां रेहाना को घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने कोतवाली धार थाने पहुँचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है।
प्रथम पक्ष (पीड़ित व आरोपी) : 22 वर्षीय माहीनुर (माही), उनकी मां रेहाना, साबिर खान, खान गट्टू और समद खान।
द्वितीय पक्ष (पीड़ित व आरोपी) : 38 वर्षीय सलमा बी, उनके जेठ मजिद खान, भतीजा फैजान खान तथा उनके पक्ष के गमा मामु, इमरान, अज्जु, गुड्डु और अच्छु।
शहरी कॉलोनियों में बुनियादी सफाई और पड़ोसियों के बीच आपसी तालमेल की कमी किस तरह कानूनी विवादों और हिंसा का रूप ले सकती है, यह घटना उसकी एक बानगी है। पुलिस कार्रवाई के बाद अब कॉलोनी में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।
