Headlines

गलत दिशा से आ रहे ट्राले ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

उज्जैन से महाकाल दर्शन कर कार से गुजरात लौट रहे थे श्रद्धालु, पंचकवास में हुआ हादसा

धार। उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन-पूजन के बाद खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए रविवार की दोपहर एक खौफनाक हादसे में बदल गई। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

यह दुखद घटना रविवार, 9 अगस्त को दोपहर करीब 1:00 बजे धार जिले के बदनावर-उज्जैन हाईवे पर स्थित ग्राम पंचकवासा (पंचपासा ब्रिज) के पास घटी। उज्जैन महाकाल मंदिर से दर्शन कर गुजरात के बड़ोदरा लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को सामने से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रॉले/कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार गुजरात निवासी सभी छह लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्राले में बुरी तरह से फंस गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। गांव के महिपालसिंह देवड़ा, जितेंद्रसिंह देवड़ा तथा उनके साथियों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला ग्राइंडर मशीन से कार की फाटक काट कर पीछे फंसे लोगों को निकाला किंतु तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

अस्पताल में मृतकों की शिनाख्त करने में बड़ी मशक्कत करना पड़ी। फिर भी शुरू में केवल चार मृतकों के नाम पता चले। जिनमें मयूर कुमार पिता प्रकाश भाई हरिजनवास पावर गोधरा, विशाल कुमार पिता रमेश भाई पंचमहाल, राकेश पिता भूपतसिंह मकवाना निवासी लिमडी वालु परिहार पंचमहाल बताए गए हैं। बाकी की शिनाख्त परिजनों के आने पर होगी।

सूचना मिलने पर तत्काल टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा मृतकों को 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया।

 

सूचना पर कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर भी बदनावर पहुंचे तथा घटनास्थल का मुआयना किया। अस्पताल में भी एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर, टीआई अमितसिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सुभाष अलावे के साथ चिकित्सकों को आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने का निर्देश दिया।

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग महाकाल दर्शन कर वापस गोधरा लौट रहे थे। यह लोग एक ही शोरूम से जुड़े हैं किंतु अलग-अलग बैंक के फाइनेंस ऑफिसर होने से उनकी पहचान करने में काफी विलंब हुआ। ट्राले में मशीनरी भरी हुई थी। लोगों ने ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द किया।

मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने बताया कि गलत दिशा से आ रहे ट्रॉले द्वारा कार को टक्कर मारने से यह हादसा हुआ है। मृतक सभी लोग गुजरात के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी शवों को आइडेंटिफाई कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया है।

घटना के बाद बदनावर पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। हादसे के सटीक कारणों और दुर्घटना में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *