Headlines

सीएम हेल्पलाइन और जनहितैषी योजनाओं पर प्रशासन सख्त

जिले में ‘हर किसान, हर घर, हर खेत खाद’ अभियान 20 से

धार। आम जनता से जुड़ी समस्याओं और लंबित प्रकरणों को लेकर प्रशासनिक अमला अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, इसे लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है।

सोमवार सुबह 10:30 बजे जिला कार्यालय सभागार में कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत संचालित विकास कार्यों, प्रशासनिक योजनाओं और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

लंबित टॉप-10 शिकायतों की समीक्षा की

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर सर्वाधिक समय से लंबित टॉप-10 शिकायतों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग की शिकायतों का तत्काल अंतिम निराकरण और राजस्व अधिकारियों को तय समय-सीमा में मामले निपटाने को कहा गया।

जरूरतमंदों के लिए मेडिकल बोर्ड कैंप करे आयोजित

अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को बिना कारण लंबित न रखने, आयुष्मान कार्ड निर्माण, जननी सुरक्षा और प्रसूति सहायता योजना के कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश मिले। जरूरतमंदों के लिए मेडिकल बोर्ड कैंप आयोजित होंगे।

पंचायत स्तर पर करे समाधान

संबल योजना के पंजीयन और सामाजिक न्याय विभाग की पेंशन योजनाओं के निराकरण हेतु पंचायत स्तर पर कैंप लगेंगे, जिनकी निगरानी एसडीएम करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना, एनपीएस वात्सल्य और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की भी समीक्षा हुई।

कृषि विभाग की जानकारी के अनुसार जिले में 17 अगस्त सोमवार से उर्वरक विक्रय पुनः शुरू कर दिया गया है। रबी फसलों को ध्यान में रखते हुए आगामी 20 अगस्त से जिले में “हर किसान, हर घर, हर खेत खाद अभियान शुरू किया जा रहा है। कलेक्टर ने खाद के अग्रिम उठाव की व्यवस्था दुरुस्त रखने, ग्रामीण स्तर पर शिविर लगाने और आगामी शुक्रवार को जनविश्वास अभियान के साथ इसका संयुक्त जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *