Headlines

चरित्र शंका में पति ने डंडे से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या

जांच के बाद पुलिस ने पति पर दर्ज किया हत्या का मामला

धार। शक और वहम के खौफनाक अंजाम ने एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। मनावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कालाभाटा (जाजमखेड़ी) में एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी पर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतिका के पिता के बयानों और मर्ग जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

घटना 16 अगस्त को सुबह करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच घटित हुई। मृतिका के पिता गुलसिंह सोलंकी (उम्र 55 वर्ष, निवासी जेलपुरा, मनावर) द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों के अनुसार, आरोपी पति दुर्गेश मौर्य (पिता कैलाश मौर्य) ने चरित्र पर संदेह के चलते मृतिका के साथ घर के कमरे और आंगन में लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में महिला के सिर, दाहिने कान के ऊपरी हिस्से, दोनों हाथों, बाएं पैर और पूरे शरीर पर गंभीर और जानलेवा चोटें आईं, जिसके चलते उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 138/2026 कायम कर प्रारंभिक जांच शुरू की। मर्ग जांच पूरी होने के उपरांत 17 अगस्त सोमवार को दोपहर मनावर थाने में आरोपी दुर्गेश मौर्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया गया। पुलिस मामले के सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *