1759 भविष्य के डॉक्टर्स देंगे एग्जाम, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
धार | आगामी 3 मई को होने वाली देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने स्पष्ट लहजे में कहा है कि परीक्षा की शुचिता (Purity) से कोई समझौता नहीं होगा। जिले के तीन केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 1,759 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए— “व्यवस्था ऐसी हो कि परिंदा भी पर न मार सके और परीक्षार्थी को गर्मी की तपिश भी न सताए।”
कलेक्टर के ‘कड़े’ निर्देश: गर्मी से बचाव और सुरक्षा का ‘फुल प्रूफ’ प्लान
प्रभारी कलेक्टर चौधरी ने निर्देश दिए हैं कि जिले के तीनों केंद्रों— महाराजा भोज कॉलेज, उत्कृष्ट विद्यालय क्र.-1 और आनंद विद्यालय क्र.-2 का बारीकी से निरीक्षण किया जाए।
- गर्मी का टॉर्चर नहीं झेलेगा स्टूडेंट: परीक्षा के दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए हर सेंटर पर शीतल पेयजल और ग्लूकोज की उपलब्धता अनिवार्य होगी।
- नो पावर कट: बिजली गुल न हो, इसके लिए निर्बाध सप्लाई और ‘इमरजेंसी बैकअप’ (Generator) को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
- कन्फ्यूजन होगा दूर: केंद्रों के बाहर “क्या लाएं और क्या न लाएं” की लिस्ट बड़े अक्षरों में चस्पा होगी, ताकि चेकिंग के दौरान समय बर्बाद न हो।
पुलिस अलर्ट: सब-इंस्पेक्टर करेंगे सुरक्षा की मॉनिटरिंग
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने सुरक्षा घेरा मजबूत करने के लिए ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है।
-
- कड़ी पहरेदारी: प्रश्न-पत्र और OMR शीट पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचेंगे।
- सम्मानजनक जांच: केंद्रों पर महिला पुलिस बल तैनात रहेगा, जो छात्राओं की मर्यादित तरीके से जांच सुनिश्चित करेगा।
- हाईटेक निगरानी: स्ट्रांग रूम को CCTV कैमरों से लैस किया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि संदिग्धों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है।
प्रशासनिक टीम: इन्हें सौंपी जिम्मेदारी
प्रशासन ने आशा परमार को परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। बैठक में अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें अपनी-अपनी चेक-लिस्ट पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोट: परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और एडमिट कार्ड में दिए गए ड्रेस कोड का पालन जरूर करें।
