धार वन विभाग की बड़ी स्ट्राइक
धार | लकड़ी तस्करों के खिलाफ वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर वन मण्डल अधिकारी (DFO) विजयानंथम टी.आर. के निर्देशन में टीम ने पीथमपुर के पास मानपुर-इंदौर रोड पर फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर एक आयसर वाहन को दबोचा। वाहन में करीब 7 टन अवैध ‘अडकाट’ लकड़ी भरी हुई थी।
होटल मनाल के पास बिछाया जाल
वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन सयदे ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि एक आयसर वाहन में अवैध लकड़ी की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गश्ती दल को सक्रिय किया गया। टीम ने पीथमपुर स्थित होटल मनाल के पास मोर्चा संभाला और संदिग्ध वाहन (क्रमांक MP09 GF 7054) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 7 टन लकड़ी (अडकाट) जब्त की गई, जिसकी बाजार मूल्य 30 हजार रुपए है, साथ ही जब्त आयशर वाहन की कीमत 6 लाख रुपए सहित कुल जब्ती 6 लाख 30 रुपए है।
कागज मांगते ही उड़ गए होश
जब वन विभाग की टीम ने आयसर रुकवाकर चालक से लकड़ी के परिवहन और कटाई से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह बगले झांकने लगा। कोई भी कागजात पेश नहीं कर पाने पर टीम ने तुरंत वाहन को अपनी कस्टडी में ले लिया और वन परिक्षेत्र कार्यालय धार ले आई।
प्रकरण दर्ज, जांच जारी
“वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि यह लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
— वन विभाग टीम
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई में वन स्टाफ के रामसिंह कनेल, महेन्द्र डामरे, जीतेन्द्र चौधरी, रितेश त्रिवेदी एवं लक्ष्मण सिंह भवेल (वन रक्षक परिक्षेत्र धार एवं मांडव) का विशेष योगदान रहा।
