विशेष अभियान में 49 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 69 पुलिसकर्मी नकद पुरस्कृत और 73 को सौंपे प्रशंसा पत्र
धार। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और फरार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में धार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 49 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस शानदार कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने पुलिस महकमे का हौसला बढ़ाते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 142 अधिकारियों और कर्मचारियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें बदनावर नकबजनी (चोरी) का खुलासा करने वाली टीम भी शामिल है।
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह विशेष धरपकड़ अभियान पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में पूरे जिले में चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता दिखाते हुए रिकॉर्ड 49 स्थायी वारंटियों को तामील कराया और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की। अभियान के सफल समापन पर आयोजित सम्मान समारोह में एसपी ने कुल 142 पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई, जिसमें से 69 अधिकारियों व कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और 73 को प्रशंसा पत्र सौंपे गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सतत और प्रभावी कार्यवाही करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूरे बल को भविष्य में भी इसी लगन, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी और कड़े रुख से आने वाले दिनों में जिले में न केवल अपराध दर में कमी आने की उम्मीद है, बल्कि फरार अपराधियों के बीच कानून का खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा।
Join my WhatsApp group. https://chat.whatsapp.com/
website : jansamacharmp.com
