तीन नकाबपोशों ने बुजुर्ग कारोबारी दंपती को लाठियों से पीटा, पास के गांव में भी सूने मकान से उड़ाए 2.90 लाख
धार। जिले के धरमपुरी और धामनोद थाना क्षेत्रों में शनिवार को अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। कहीं नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर लाठियों से जानलेवा हमला कर मंगलसूत्र लूटा, तो कहीं सूने मकान का ताला चटकाकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना (थाना धरमपुरी) : शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 01.00 बजे, धरमपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम कालीबावड़ी में तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व गल्ला व्यापारी नेमीचंद राठौड़ (80) के घर पर धावा बोल दिया। बदमाश चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 22 मिनट तक आतंक मचाया। आवाज सुनकर बाहर आए नेमीचंद पर बदमाशों ने लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उनके दोनों हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। बीच-बचाव करने आईं उनकी पत्नी पार्वतीबाई (70) को भी लाठी मारी गई और उनके गले से दो मंगलसूत्र व पांचाली छीन ली गई। महिला के शोर मचाने पर बेटा राजेश और पोता गोपाल वहां पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस ने धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरी घटना (थाना धामनोद) : शनिवार (27 जून) को ही सुबह 07.00 बजे से दोपहर 14.00 बजे के बीच, धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम ढाल में एक और बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। यहां फरियादी तोताराम भील (45) अपने परिवार के साथ घर से बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान के दरवाजे और अंदर रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखे सोने के आभूषण (एक जोड़ी टॉप्स, 3 अंगूठी, 1 मंगलसूत्र पेंडल – कीमत करीब 1,10,000 रुपए), चांदी के आभूषण (तागली, कंडोरा, रमछोल – कीमत करीब 90,000 रुपए) और 90,000 रुपए नगद सहित कुल 2,90,000 रुपए का मश्रुका (सामान) चोरी कर ले गए। धामनोद पुलिस ने धारा 331(3), 305(a) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।
कालीबावड़ी की वारदात के बाद शनिवार सुबह एसपी सचिन शर्मा, मनावर एसडीओपी ब्रजेश मालवीय और धरमपुरी थाना प्रभारी संतोष यादव ने बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है, जिसके आधार पर आरोपियों की घेराबंदी के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने गांव के पुराने जख्मों को हरा कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब चार साल पहले भी जन्माष्टमी की रात नेमीचंद राठौड़ के घर इसी तरह हमला कर लूटपाट की गई थी। दूसरी बार उसी परिवार को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने एसपी के सामने गांव में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई है, क्योंकि धरमपुरी थाना यहाँ से करीब 13 किलोमीटर दूर है और पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी भागने में सफल हो जाते हैं। एसपी ने ग्रामीणों को पुलिस चौकी के प्रस्ताव पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
