Headlines

प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं : नेशनल शटलर ईशमित अरोरा के सम्मान में गूंजा धार

ऑल इंडिया बैडमिंटन विजेता ईशमित अरोरा का भव्य नागरिक सम्मान

धार। जब इरादे मजबूत हों और संकल्प अटूट, तो सफलता कदम चूमती है। कुछ ऐसा ही नजारा शनिवार को धार के राजा देवीसिंह हॉल में देखने को मिला, जहाँ अंडर-13 ऑल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा के विजेता, धार के नन्हे शटलर ईशमित अरोरा के सम्मान में पूरा शहर उमड़ पड़ा। खेलप्रेमियों, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में हुआ यह नागरिक सम्मान समारोह प्रेरक उद्बोधनों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

धार जिला बैडमिंटन एसोसिएशन एवं धार लिटिल शटलर वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को घोड़ा चौपाटी स्थित राजा देवीसिंह हॉल में यह भव्य नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर राजीव रंजन मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता एसपी सचिन शर्मा ने की। इस दौरान नेशनल चैंपियन ईशमित अरोरा का पुष्पमालाओं, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया, साथ ही उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे रहे उनके कोच सुधीर वर्मा एवं शमशेर सिंह यादव को भी मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि आज इन बच्चों के बीच आकर मुझे भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई दे रहा है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे बड़ी पाठशाला है। प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी सचिन शर्मा ने कहा कि बैडमिंटन जैसे खेल बच्चों में धैर्य, संयम और मानसिक मजबूती विकसित करते हैं। मोबाइल और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर यदि बच्चे खेल को अपना साथी बनाएंगे, तो वे अच्छे नागरिक भी बनेंगे। वहीं, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि धार हमेशा से बैडमिंटन की ‘नर्सरी’ रहा है और ईशमित की उपलब्धि ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।

कार्यक्रम में वरिष्ठ परामर्शदाता पंकज जैन, शरदचन्द्र निगम, कोच शमशेरसिंह यादव, सुधीर वर्मा और ईशमित की माताजी शिखा अरोरा ने भी अपने विचार रखे। अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन राजीव जोशी द्वारा व्यक्त किया गया।

धार जिला हमेशा से ही बैडमिंटन के क्षेत्र में खिलाड़ियों को तराशने का केंद्र रहा है, जहाँ से राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते रहे हैं। ईशमित अरोरा की यह राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि न केवल धार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर सीमित सुविधाओं के बीच खेल रहे अन्य उभरते हुए नन्हे खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ा प्रोत्साहन बनेगी। इस सम्मान के बाद जिले के युवाओं में बैडमिंटन के प्रति आकर्षण और कड़ा अभ्यास करने का संकल्प और मजबूत होगा, जिससे आने वाले समय में धार से कई और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देश को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *