Headlines

इंदौर कमिश्नर ने किया ‘पीएम मित्रा पार्क’ का निरीक्षण, Zara और H&M जैसे वैश्विक ब्रांड्स के लिए तैयार हो रहा मजबूत इकोसिस्टम

20 हज़ार करोड़ के निवेश से खुलेंगे रोजगार के 46 हज़ार नए द्वार

धार/इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश के टेक्सटाइल हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। राज्य की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘पीएम मित्रा पार्क’ अब धरातल पर रफ्तार पकड़ चुकी है। इंदौर संभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने हाल ही में धार स्थित इस पार्क का दौरा कर वहाँ चल रहे विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान एमपीआईडीसी के अधिकारियों ने उन्हें पार्क की प्रगति, बुनियादी ढाँचे और प्रस्तावित निवेश की विस्तृत जानकारी दी, जिसके बाद कमिश्नर ने आवासीय और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

इस निरीक्षण के दौरान इंदौर संभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के साथ धार के कलेक्टर राजीव रंजन मीना और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2,156 एकड़ में विकसित किए जा रहे इस विशाल पार्क के प्रथम एवं द्वितीय चरण में 1,100 एकड़ से अधिक भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए अब तीसरे चरण की आवंटन प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू होने वाली है।

पार्क को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए यहाँ बाह्य विद्युत अधोसंरचना का काम पूरा कर लिया गया है और इसे विद्युत वितरण (Discom) लाइसेंस भी मिल चुका है। औद्योगिक आवश्यकताओं को देखते हुए यहाँ सीईटीपी, एसटीपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और प्लग एंड प्ले शेड्स जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा, बेहतर कनेक्टिविटी के लिए इस पार्क को राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से चार लेन सड़क द्वारा सीधे जोड़ दिया गया है।

इस पार्क के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा। पार्क में अब तक 20 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिससे आने वाले समय में 46 हज़ार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। OFB Tech, Noize, Zeel और अरविंद समूह जैसी प्रमुख इकाइयों की मौजूदगी के साथ यह क्षेत्र आने वाले दिनों में H&M, Zara, Arrow और US Polo जैसे बड़े वैश्विक ब्रांडों के लिए एक बेहद सशक्त और आत्मनिर्भर टेक्सटाइल इकोसिस्टम के रूप में स्थापित होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *