Headlines

सोशल मीडिया पर दोस्ती और निवेश का झांसा देकर ठगी करने वाला साइबर जालसाज चढ़ा पुलिस के हत्थे

धार। फेसबुक पर आई एक फ्रेंड रिक्वेस्ट ने मनावर के एक व्यापारी को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। मध्य प्रदेश पुलिस के विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ‘SAFE CLICK-2.0’ के तहत धार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरी घटना धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र की है, जहां फरियादी अनिल अग्रवाल को फेसबुक पर ‘काव्या परिहार’ नाम की एक फर्जी प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई थी। इसके बाद आरोपियों ने एक अज्ञात लिंक भेजकर उनका खाता खुलवाया और भारी मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किश्तों में कुल 2,87,000 रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 24 जून से 8 जुलाई तक चल रहे ‘सेफ क्लिक-2.0’ अभियान के दौरान, पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में मनावर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण की मदद से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी शाबीर (28 वर्ष), निवासी लाबरिया भेरू, इंदौर को गिरफ्तार कर लिया है।

मनावर थाना पुलिस ने इस मामले में फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 833/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने हरियाणा और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में तकनीकी इनपुट्स के आधार पर छापेमारी की। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उप निरीक्षक मनीष चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह के साथ-साथ धार साइबर टीम के उप निरीक्षक प्रशांत गुंजाल और प्रधान आरक्षक सर्वेश सिंह सोलंकी की मुख्य भूमिका रही।

इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधियों पर लगाम कसने की उम्मीद है। पुलिस इस मामले में शामिल फरार आरोपी अनीश शेख और उसके अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस को एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट का खुलासा होने और ठगी गई राशि की बरामदगी की पूरी उम्मीद है, जिससे भविष्य में इस तरह के सोशल मीडिया फ्रॉड पर रोक लगाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *