Headlines

गंधवानी में महिला से बर्बरता का वीडियो वायरल

मौके पर पहुंची पुलिस ने की पुष्टि, मई में ही दर्ज हो चुका है 4 आरोपियों पर केस

धार। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट का एक खौफनाक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आते ही हरकत में आई गंधवानी पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर पड़ताल की, तो मामले की पूरी हकीकत सामने आ गई। पुलिस जांच में यह साफ हुआ कि इंटरनेट पर सनसनी फैला रहा यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि करीब चार महीने पुराना है।

यह मामला गंधवानी थाना क्षेत्र (जीराबाद चौकी) के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरघाटा का है। 4 मई 2026 को चरित्र पर शंका को लेकर गांव के ही चार लोगों ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल बोरघाटा पहुंची और पीड़िता से सीधे संपर्क कर पूछताछ की। महिला ने पुष्टि की कि घटना 4 मई 2026 की है, जब उसके साथ विवाद और मारपीट की गई थी।

घटना के तत्काल बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना गंधवानी में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता  की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत ग्राम बोरघाटा निवासी आरोपी बबलू पिता मेहरसिंह, अजय पिता मेहरसिंह, जगदीश पिता रमेश और संजु पिता गुलाब के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई पहले ही पूरी कर ली है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुराने और निस्तारित मामलों के वीडियो को वर्तमान का बताकर प्रसारित करने से भ्रम और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। इस मामले में विधिक कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है, इसलिए ऐसे वीडियो को बिना सत्यता जाने साझा करने से बचने की आवश्यकता है ताकि अफवाहों पर विराम लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *