मोबाइल, बाइक और नकदी सहित 1.80 लाख का माल जब्त
लूट के लिए पहले से घात लगाकर बैठे से शातिर बदमाश
धार। दिनदहाड़े कलेक्शन कर लौट रहे फाइनेंस कर्मियों को रास्ते में घेरकर लूटने वाले गिरोह का बाग पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सुनसान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल को लात मारकर गिराने और नकदी सहित मोबाइल छीनकर भागने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित करीब 1.80 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
यह वारदात 10 सितंबर की दोपहर करीब 1:35 बजे घटी। फ्यूजन फाइनेंस के एजेंट चेतन ठाकुर (निवासी आष्टा, हाल मुकाम मनावर) अपने साथी महेंद्र मेवाड़ा के साथ खारपूरा-लॉन्गसरी क्षेत्र में लोन राशि का कलेक्शन करने गए थे। जब वे डेहरी से लौट रहे थे, तभी शिव मंदिर के पीछे कच्चे रास्ते पर पहले से घात लगाए और पीछे से बाइक पर आए कुल चार बदमाशों ने उनकी बाइक पर लात मार दी। दोनों एजेंटों के नीचे गिरते ही आरोपी कलेक्शन की नकदी, मोबाइल फोन और उनकी पल्सर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे। फरियादी की शिकायत पर बाग थाना पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 309(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
लूट की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश, एएसपी विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी राजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत और डेहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवलसिंह बघेल के नेतृत्व वाली टीम ने सुराग जुटाते हुए 28 सितंबर को दो आरोपियों परविंद उर्फ प्रवीण (25 वर्ष, निवासी खोजकुआं, गंधवानी) और गोरेलाल (33 वर्ष, निवासी सातउमरी, गंधवानी) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को कुक्षी न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उनसे वारदात में शामिल अन्य फरार साथियों और लूटी गई बाकी रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फाइनेंस कर्मियों को निशाना बनाने वाले इस गिरोह के खुलासे से क्षेत्र में सक्रिय अन्य लुटेरों पर अंकुश लगने की उम्मीद है, वहीं पुलिस रिमांड के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों और शेष फरार आरोपियों की जानकारी सामने आ सकती है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत, उनि नवलसिह बघेल चौकी प्रभारी डेहरी, सउनि. गोरेलाल शुक्ला,सायबर सेल प्रभारी भुपेन्द्र खरतिया, आर. प्रशान्त चौहान, प्रआर. भावसिंह रावत, रेलमसिंह भिंड, कैलाश गेहलोत, आर. राजू, मुकेश, दुर्गेश, रविन्द्र, प्रीतम, सुनिल, ओमप्रकाश का विशेष योगदान रहा।
